27 Apr 2024, 04:09:09 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State » Madhya Pradesh

मोदी सरकार ने किसानों के हितों की अनदेखी की : रणदीप सिंह सुरजेवाला

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Apr 28 2019 2:50PM | Updated Date: Apr 28 2019 2:51PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

भोपाल। कांग्रेख के मीडिया विभाग के प्रमुख एवं वरिष्ठ पार्टी नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आज आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने हमेशा किसानों के हितों की अनदेखी कर कुछ बड़ी कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए कार्य किया। सुरजेवाला ने यहां संवाददाताओं से चर्चा में इस संबंध में अनेक आकड़े पेश करते हुए कहा कि ये इस बात का द्योतक हैं कि केंद्र सरकार ने देश के किसानों के हितों की अनदेखी की। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव में पांच महीने पहले पराजित होने के कारण भी भाजपा राज्य के किसानों के हितों पर कुठाराघात कर रही है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने दावा करते हुए कहा कि वर्ष 2016 17 में 985 लाख टन गेंहू का उत्पादन देश में हुआ। लेकिन उसी समय केंद्र सरकार ने आयात शुल्क शून्य कर दिया और 57 लाख मीट्रिक टन गेंहू का आयात कर लिया। इस वजह से किसानों के गेंहू की फसल को देश में बेहतर कीमत नहीं मिल पायी।  इसी तरह वर्ष 2017 18 में 971 लाख टन गेंहू का उत्पादन हुआ, लेकिन 17 लाख मीट्रिक टन गेंहू आयात कर लिया गया। सुरजेवाला ने कहा कि इसी तरह दालों का भी पर्याप्त उत्पादन होने के बावजूद उनका बड़ी मात्रा में आयात किया गया।

उनका आरोप है कि केंद्र सरकार ने कुछ बड़े लोगों और कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए ऐसा किया और इसकी कीमत देश के किसानों को चुकानी पड़ी। यही नहीं केंद्र सरकार ने खेती से जुड़े सामान पर कर लगा दिया या बढ़ा दिया। इस वजह से भी किसान परेशान हो गया। कांग्रेस नेता ने कहा कि राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा की पराजय के बाद केंद्र और प्रदेश के भाजपा नेता किसानों को परेशान करने में जुट गए हैं। उनका आरोप है कि दिसंबर माह में रबी फसल सीजन में किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया केंद्र सरकार की नीतियों की वजह से उपलब्ध नहीं हो पायी।

यह सब किसानों को परेशान करने के लिए किया गया। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि वहीं कांग्रेस ने हमेशा किसानों के हित में कार्य किया है और राज्य की कमलनाथ सरकार ने संक्षिप्त कार्यकाल में ही यह साबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि किसान और आम लोग भाजपा की नीतियों को समझ चुके हैं और लोकसभा चुनाव में भाजपा को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। 

 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »