18 Oct 2024, 10:48:12 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

पाकिस्तानी कप्तान पर टूटा दुखों का पहाड़, T20 World Cup बीच में छोड़कर लौटीं घर, जाने बड़ी वजह

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Oct 10 2024 4:17PM | Updated Date: Oct 10 2024 4:17PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

यूएई में खेले जा रहे महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बीच पाकिस्तान क्रिकेट टीम की युवा कप्तान फातिमा सना शेख पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फातिमा सना के पिता का गुरुवार 10 अक्टूबर को कराची में निधन हो गया। पिता के अचानक निधन के कारण फातिमा सना टूर्नामेंट को बीच में ही छोड़कर वापस अपने देश लौट रही हैं। सिर्फ 22 साल की उम्र में पाकिस्तानी टीम की कप्तान बनीं सना पहली बार किसी वर्ल्ड कप में टीम की कप्तानी कर रही हैं। इतना ही नहीं। वो इस वर्ल्ड कप की सभी 10 टीमों में सबसे युवा कप्तान भी हैं।

फातिमा के पिता के निधन की खबर आते ही पूरी पाकिस्तानी टीम शोक में डूब गई। पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने अपनी कप्तान और उनके परिवार के लिए संवेदना जाहिर की। फातिमा के साथ यूएई में मौजूद खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर अपने दुख का इजहार किया।

मौजूदा परिस्थितियों में सना पाकिस्तान के अगले मुकाबले के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगी, जो शुक्रवार 11 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया से होना है। सना की गैरहाजिरी में बाएं हाथ की ओपनर-विकेटकीपर मुनीबा अली टीम की कमान संभालेंगी। पाकिस्तान को अगर सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखना है तो हर हाल में अपने बचे हुए दोनों मैच या फिर कम से कम एक मैच जीतने की जरूरत है। फातिमा सना की गैरहाजिरी में पाकिस्तानी टीम के लिए ये बेहद मुश्किल साबित हो सकता है, जिन्होंने टीम के लिए अब तक सबसे अच्छा प्रदर्शन किया है।

पाकिस्तानी टीम ने टूर्नामेंट में अभी तक 2 मैच खेले हैं और दोनों में उसने कड़ा प्रदर्शन किया है और इसमें फातिमा की अहम भूमिका रही। पहले ही मैच में टीम ने मौजूदा एशियाई चैंपियन श्रीलंका को हरा दिया था। फातिमा ने इस मैच में सिर्फ 20 गेंदों में 30 रन बनाए थे और फिर 2 विकेट हासिल कर टीम की जीत दिलाई थी। इसके बाद भारत के खिलाफ अगले मैच में टीम को हार मिली थी लेकिन ये मुकाबला भी बेहद कड़ा रहा था और टीम इंडिया को संघर्ष करना पड़ा था। इसकी वजह भी फातिमा ही थीं जिन्होंने पहले तो 8 गेंदों में 13 रन बनाए और फिर 23 रन देकर 2 विकेट भी लिए थे।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »