नई दिल्ली। उप राष्ट्रपति एम वेकैंया नायडू ने प्रोटोकॉल तोड़ते हुए मंगलवार को आम नागिरकों की तरह कतार में लगकर तिरुपति तिरूमाला देवस्थानम (टीटीडी) में भगवान वेंकटश्वर के दर्शन किए। राज्य सभा सचिवालय द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि श्री नायडू मंदिर परिसर में 'बैकुंठ नाथ क्यू काम्पलेक्स 'में बाला जी के दर्शन करने के लिए कतार में लगे। यहां से प्रतिदिन करीब 50 हजार लोग कतार में लगकर भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन करते हैं। अतिविशिष्ट व्यक्ति होने के कारण नायडू को सीधे मुख्य द्वार 'महाद्वारम' से मंदिर के गर्भ गृह में जाकर बाला जी के दर्शन करने की सुविधा प्राप्त है लेकिन उप राष्ट्रपति ने आम जनता की तरह कतार में लगकर भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन किये। दर्शन करने के बाद श्री नायडू ने तमिल में ट्वीट किया मुझे आम जनता की तरह कतार में लगकर बाला जी के दर्शन करने में बहुत आनंद आया। ईश्वर के सामने सभी बराबर हैं।