लखनऊ। ब्लड कैंसर से पीड़ित एक किशोरी के भरोसे को शनिवार को पहले उस के दोस्त और फिर मददगार बनकर आए एक शख्स ने तार-तार कर दिया। दोस्त ने धोखे से एक अन्य लड़के के साथ किशोरी से गैंगरेप किया। फिर उसकी मदद करने का झांसा देकर एक अन्य व्यक्ति ने उससे रेप किया। पुलिस ने गैंगरेप और पॉक्सो ऐक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। सरोजनीनगर निवासी परिवारीजनों के अनुसार, किशोरी शनिवार शाम 4:30 बजे लेने चिल्लावां बाजार गई थी। यहां उसका परिचित रहीमाबाद निवासी शुभम मिल गया। शुभम उसे नटकुर में एक सुनसान जगह पर ले गया।
यहां उसका दोस्त रहीमाबाद निवासी सुमित पहले से मौजूद था। आरोप है कि दोनों ने किशोरी से गैंगरेप किया। रात 11 बजे वे उसे सड़क पर छोड़कर भाग निकले। उधर से गुजर रहे बुलेट सवार बंथरा के जयसिंहखेड़ा निवासी वीरेंद्र यादव ने उसे बदहवास खड़े देखकर देखा तो बाइक रोक दी। वीरेंद्र ने किशोरी को मदद देने का झांसा दिया। उसका भरोसा जीतने के लिए वीरेंद्र ने उसे अपना नाम-पता भी बता दिया।
फिर किशोरी को घर छोड़ने के बहाने पुलिया के पास ले जाकर वीरेंद्र ने भी उससे रेप किया और भाग निकला। देर रात किशोरी को देख कुछ राहगीरों ने बिजनौर चौकी पर सूचना दी। रात तीन बजे पुलिस पीड़िता को लेकर उसके घर पहुंची। रविवार सुबह पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर वीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर डीके शाही का कहना है कि वीरेंद्र ने अपना जुर्म कूबूल कर लिया है। सुमित को देर शाम उसके घर से दबोच लिया गया। शुभम की तलाश जारी है।