नई दिल्ली। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद पत्नी सुनीता ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। वह इस फैसले को जानने के बाद भावुक हो गई और इसके लिए सभी का धन्यवाद भी किया। उन्होंने इस फैसले को लाखों-करोड़ों दुआओं का फल भी बताया।
उन्होंने ट्वीट किया- हनुमान जी की जय। ये लोकतंत्र की जीत है। लाखों-करोड़ों लोगों की दुआओं और आशीर्वाद का फल है। सभी को कोटि कोटि धन्यवाद। वहीं, केजरीवाल को अंतरिम जमानत मिलने पर कई आप नेताओं ने खुशी जाहिर किया है।
हनुमान जी की जय🙏 ये लोकतंत्र की जीत है। लाखों - करोड़ों लोगों की दुआओं और आशीर्वाद का फल है। सभी को कोटि कोटि धन्यवाद 🙏—
वहीं, दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा, "अरविंद केजरीवाल आज शाम को तिहाड़ जेल से बाहर आएंगे और मुझे भरोसा है कि वे दिल्ली और देश को संबोधित जरूर करेंगे। शायद ऊपर वाले का यह इशारा है कि अब चीजे बदल रही हैं, देश के लोकतंत्र और संविधान पर जो हमला हो रहा था, अब उसे बदलने,रोकने का समय आ गया है।"
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 1 जून तक अंतरिम जमानत दे दी। 21 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद केजरीवाल फिलहाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं। कोर्ट ने उन्हें लोकसभा चुनाव प्रचार की अनुमति भी दे दी है।