रायपुर। कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी पी.एल.पुनिया ने भारतीय जनता पार्टी पर कांग्रेस की न्याय योजना,ऋणमाफी सहित चुनावी घोषणा पत्र में किए गए अहम वादों के बारे में लोगो को गुमराह करने का आरोप लगाया है। पुनिया ने आज यहां प्रेस कान्फ्रेंस में कहा कि न्याय योजना से भाजपा बौखला गई है। वह इस योजना को गलत बताने का साहस तो नही जुटा पा रही है लेकिन वह इसके लिए पैसे की व्यवस्था कैसे होगी इसे लेकर दुष्प्रचार में अपने पूरे तंत्र के साथ जुट गई है।उन्होने कहा कि मनरेगा योजना जब शुरू हुई थी तब भी इसके लिए धन की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होने कहा कि कृषि ऋण माफी,खाद्यान्न सुरक्षा कानून लागू करते समय भी भाजपा ने धन की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए थे।
उन्होने एक प्रश्न के उत्तर में देशद्रोह कानून को लेकर भाजपा पर दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होने कहा कि देशद्रोह कानून को लेकर किए वादे को लेकर भाजपा बौखला गई है। मूल कानून में पार्टी को खत्म करने का कांग्रेस ने कोई वादा नही किया है। पुनिया ने कहा कि कांग्रेस ने केवल 124-ए को खत्म करने की बात की है जिसका उपयोग सरकारे अपने राजनीतिक विरोधियों लेखकों पत्रकारों आदि के बारे में कर दुरूपयोग करती रही है। इस पर उच्चतम न्यायालय भी टिप्पणी कर चुका है।
उन्होने इस कानून के तहत गुजरात सरकार के द्वारा कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल के खिलाफ पूर्व में हुए इस्तेमाल का उदाहरण देते हुए कहा कि इस कानून से लोगो के मूलभूत अधिकारों का हनन होता रहा है। उन्होने घोषणा पत्र के तमाम अहम वादों को दोहराते हुए कहा कि इसमें पंचायतों के 10 लाख पदों समेत 32 लाख पदों को महज नौ महीने में भरने का संकल्प लिया गया है। उन्होने इसे ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि हर वर्ष दो करोड़ लोगो को नौकरियां देने का वादा करने वालों ने पांच वर्ष में इस दिशा में कुछ किया उल्टे नोटबंदी कर बड़ी संख्या में लोगो से रोजगार छीन लिया