नई दिल्ली। राजस्थान के मानवादित्य सिंह राठौड़ और अनुष्का सिंह भाटी ने यहां डॉ कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में चल रही 63वीं शॉटगन राष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता में शनिवार को ट्रैप मिक्स्ड टीम खिताब जीत लिया। मानवादित्य का दो दिन में यह तीसरा स्वर्ण पदक है। मानवादित्य ने इससे पहले जूनियर ट्रैप खिताब और पुरुष टीम ट्रैप खिताब जीता था। मानवादित्य और अनुष्का ने मध्य प्रदेश के प्रियांशु पांडेय और मनीषा कीर को टाई शूट में 3-2 से हराकर स्वर्ण जीता। दोनों टीमों का निर्धारित 50 शॉट में 37 का स्कोर रहा था। हरियाणा ने जूनियर मिक्स्ड टीम ट्रैप खिताब जीता। हरियाणा की जोड़ी भवनीश मेंदीरत्ता और किरण ने दिल्ली की जोड़ी कबीर शर्मा और कीर्ति गुप्ता को 47-40 से हराया।