नई दिल्ली। दिल्ली सर्राफा बाजार में शनिवार को लगातार दोनों कीमती धातुओं ने लंबी छलांग लगाई। सोना 250 रुपए की तेजी के साथ 38670 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी हाजिर 370 रुपए की छलांग के साथ 45050 रुपए प्रति किलोग्राम को छू गयी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना शुक्रवार को सोना एक बार फिर 1524.90 डालर प्रति ट्राय औंस को छू गया जो छह वर्ष के अधिकतम भाव से मामूली कम था। अमेरिका में अक्टूबर वायदा 1523.80 डालर प्रति ट्राय औंस बोला गया।
चांदी अक्टूबर का वायदा भाव 17.08 डालर प्रति ट्राय औंस था। स्थानीय स्तर पर भाव ऊंचे होने से हालांकि मांग कमजोर है। कारोबारियों का कहना है कि खरीदार पुराने सोने की अदला-बदली पर अधिक जोर दे रहे हैं। भाव ऊंचा होने की वजह से जुलाई में सोने का आयात 42 प्रतिशत गिरकर 1.71 अरब डालर का रह गया। डालर के मुकाबले रुपए में हालांकि पिछले दो कारोबारी दिवसों में मामूली बढ़ोतरी थी। इसके बावजूद शुक्रवार को डालर रुपया विनिमय दर 71 रुपए से ऊंची रही। कच्चा तेल मजबूत होने का भी स्थानीय बाजार में कीमती धातुओं पर असर पड़ा है।