नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मोदी सरकार 2.0 का पहला बजट पेश कर दिया है। उन्होंने भाषण की शुरुआत मंजूर हाशमी के शेर से की। शेर था- यकीन हो तो कोई रास्ता निकलता है, हवा की ओट भी ले कर चिराग जलता है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगभग दो घंटे 10 मिनट तक बजट भाषण पढ़ा। आइए जानते हैं कि इस बजट में कौन सी चीजों के दाम बढ़ेंगे और कौन-सी चीजें सस्ती होंगी।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के इस बजट के बाद पेट्रोल-डीजल, सोना, काजू महंगे हो जाएंगे। पेट्रोल और डीज़ल पर 1 रुपये प्रति लीटर की कस्टम ड्यूटी बढ़ाई गई है। सोने पर इंपोर्ट ड्यूटी 10 फीसदी से बढ़ाकर 12.5 फीसदी की गई है। सोने पर 2.5 फीसदी आयात शुल्क बढ़ा दिया गया है जिससे दाम में इजाफा होगा।
इन चीजों के बढ़ेंगे दाम
पेट्रोल-डीजल, सोना, काजू महंगे होंगे। आयात शुल्क में इजाफा होने से कई चीजों के दाम भी बढ़ेंगे। आयातित किताबों पर पांच प्रतिशत का शुल्क लगेगा। ऑटो पार्ट्स, सिंथेटिक रबर, पीवीसी, टाइल्स भी महंगी हो जाएंगी।
बजट में सस्ता
इलेक्ट्रिक वाहनों पर जीएसटी की दर 12 से घटाकर 5 प्रतिशत कर दी गई। इसके चलते इस तरह के वाहन सस्ते हो जाएंगे। रक्षा उपकरण, चमड़े का सामान सस्ता हो जाएगा। इसी तरह 45 लाख रुपए तक के हाउसिंग लोन के ब्याज पर छूट 2 लाख से बढ़ाकर 3.5 लाख रुपए कर दी गई है। इससे मध्यम वर्ग को इनकम टैक्स में फायदा होगा। दूसरी ओर मध्यम वर्ग को आयकर में कोई छूट नहीं दी गई है।