ब्राजील्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले यहां रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और ब्राजील के राष्ट्रपति जायर मेसियस बोल्सोनारो से अलग - अलग द्विपक्षीय भेंट कीं। विदेश मंत्रालय के अनुसार मोदी की पहली मुलाकात पुतिन से हुई जिसमें दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री की व्लादीवोस्तक की यात्रा के बाद भारत रूस रिश्तों में हुई प्रगति की समीक्षा की। दोनों ने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि 2025 तक द्विपक्षीय व्यापार 25 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य पहले ही प्राप्त हो चुका है। उन्होंने तय किया कि अगले वर्ष पहले द्विपक्षीय क्षेत्रीय फोरम का आयोजन किया जाएगा जिसमें प्रदेशों की भागीदारी एवं परस्पर साझीदारी होगी। दोनों नेताओं ने पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस, सिविल न्यूक्लियर ऊर्जा, रेलवे और रक्षा क्षेत्र में सहयोग में वृद्धि पर भी संतोष व्यक्त किया। पुतिन ने प्रधानमंत्री को अगले वर्ष रूस के विजय दिवस के अवसर पर मॉस्को आने के लिए निमंत्रित किया।