नई दिल्ली। जाम्बिया के राष्ट्रपति एडगर छगवा लुंगू तीन दिवसीय दौरे पर बुधवार सुबह भारत पहुंचे। जहां राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हैदराबाद हाउस में मुलाकात की। दोनों देशों के बीच कई समझौतों पर हस्ताक्षर भी हुए। बुधवार सुबह जाम्बिया के राष्ट्रपति एडगर छगवा लुंगु को राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
जिसके बाद उन्होंने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। जाम्बिया के राष्ट्रपति एडगर छगवा लुंगू से विदेश राज्य मंत्री और संसदीय मामलों के राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने मुलाकात की थी। संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और जाम्बिया का संबंध जाम्बिया की स्वतंत्रता से भी पुराना है। यह देश भारत का एक महत्वपूर्ण मित्र और भरोसेमंद साथी है। हम समान लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास करते हैं और विकास के लिए संयुक्त महत्वाकांक्षा दोनों देशों को एक साथ जोड़ती है।
वहीं, जाम्बिया के राष्ट्रपति ने कहा कि जाम्बिया के लोग भारत की ओर से मिलने वाले समर्थन के लिए आभारी हैं। मेरी यहाँ की यात्रा सफल रही है। हमने रक्षा, शिक्षा, चिकित्सा, कला और संस्कृति, चुनाव के साथ-साथ हमारे दो राजनयिक प्रशिक्षण संस्थानों क बीच आपसी समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं।