नई दिल्ली। चक्रवाती तूफान पेथाई देश के पूर्वी तट पर दस्तक दे रहा है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र उत्तर पश्चिमी तट की ओर बढ़ रहा है। फिलहाल यह 17 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार इसके अगले 24 घंटे के भीतर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। तूफान की संभावना को देखते हुए पूर्वी तट पर मौजूद ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में स्थानीय प्रशासन हाई अलर्ट पर है। आंध्र प्रदेश में स्कूलों को 2 दिन तक बंद रखने के निर्देश दिए गए है। वहीं मछुआरों को भी अगले दो दिन समुद्र में न जाने के लिए कहा गया है।
तूफान के उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढने तथा 17 दिसंबर की दोपहर ओंगोल और काकीनाडा के बीच आंध्र प्रदेश की तटीय सीमा पार करने की संभावना है। तूफान के कारण 16 और 17 दिसंबर को तटीय आंध्र प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर बारिश जबकि कुछेक स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। बता दें कि पिछले दो महीने में पूर्वी तट पर दस्तक देने वाला यह तीसरा चक्रवाती तूफान है। इससे पहले तितली और गज तूफान पूर्वी तट पर भारी तबाही मचा चुके हैं।