नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने कर्नाटक में विधानसभा चुनावों के परिणामों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व एवं पार्टी की नीतियों में जनता के विश्वास का परिचायक बताया और कहा कि जनता ने कांग्रेस के स्वार्थ एवं भ्रष्टाचार में डूबे नेतृत्व को नकार दिया। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने यहां एक बयान में कहा कि कर्नाटक विधान सभा उप-चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व एवं भाजपा की नीतियों में जनता के विश्वास का परिणाम है। कर्नाटक की जनता ने भाजपा की सरकार में अपने विश्वास को और मजबूती के साथ परिलक्षित किया है। इस जीत के लिए वह कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नलिन कटील को बधाई देते हैं और भाजपा कार्यकर्ताओं एवं प्रदेश की जनता हार्दिक अभिनंदन करते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा को राज्य में स्पष्ट जनादेश देकर जनता ने स्वार्थी और भ्रष्टाचारियों को सिरे से खारिज कर दिया है। राज्य की जनता ने विधानसभा चुनावों में भी जनादेश भाजपा को ही दिया था और आज उपचुनावों में कर्नाटक की जनता ने उस पर पक्की मोहर लगा दी है। नड्डा ने कहा कि कर्नाटक विधान सभा उपचुनाव परिणाम कांग्रेस की विभाजनकारी नीतियों एवं अवसरवादी राजनीति पर राज्य की जनता का कड़ा प्रहार है। कर्नाटक की जनता ने जनादेश का अपमान करने वाली और जनादेश के साथ विश्वासघात करने वाली कांग्रेस को इस परिणाम से करारा सबक सिखाया है। यह इस बात की भी परिचायक है कि कर्नाटक की जनता प्रधानमंत्री मोदी की देश भर में चल रही विकास यात्रा के साथ है और वे विकास की दौड़ में पीछे नहीं छूटना चाहते।