नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने यहां केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले और राज्य में अतिवृष्टि से हुई जन-धन हानि के बारे में उन्हें अवगत कराया। रावत ने शाह को बताया कि दैवीय आपदा से इस वर्ष राज्य के विभिन्न स्थानों पर 32 से अधिक लोगों की मौत हो गयी है। राज्य में प्रारम्भिक अनुमान के अनुसार लगभग 175 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने आपदाग्रस्त स्थानों पर संचालित बचाव एवं राहत कार्यों के बारे में भी केन्द्रीय गृह मंत्री को जानकारी दी। केंद्रीय गृह मंत्री ने प्रदेश में आपदा की स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट देने के लिए कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री को केंद्र से हर संभव सहयोग दिए जाने के प्रति आश्वस्त किया।