भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस के मीडिया उपाध्यक्ष अभय दुबे और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने आज कहा कि प्रदेश सरकार के अथक प्रयासों से निरंतर अपराधों में कमी आ रही है। कांग्रेस कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार इन नेताओं ने जारी बयान में बताया है कि मध्यप्रदेश में प्रदेश सरकार के अथक प्रयासों से निरंतर अपराधों में कमी आ रही है। बीते छह माह में पूर्व सरकार की तुलना में लगभग 76 हत्याएं कम हुई हैं, हत्या के प्रयास की 86 घटनाएं कम हुई हैं, डकैती की घटनाओं में 64 प्रतिशत की कमी आई है, लूट की 86 घटनाएं कम हुई हैं, बलात्कार की 62 घटनाएं कम हुई हैं। छेड़छाड़ की 663 घटनाएं कम हुई हैं। इस प्रकार कुल आईपीसी अपराधों में 5562 की कमी आई है।
प्रदेश सरकार ने अपराधियों के खिलाफ एक व्यापक अभियान चलाया हुआ है। अवैध हथियार लेकर घूम रहे 4074 आरोपियों को पकड़ा गया है। जिसने 712 अवैध पिस्तौल और 3483 धारदार हथियार जप्त हुये हैं। अवैध शराब के कारोबार में लिप्त 21174 आरोपियों को पकड़ा गया है, मादक पदार्थ रखने वाले 596 अरोपियों को पकड़ा गया है। मार्च से अप्रेल में 1054 गुम हुए बालक-बालिकाओं को पुलिस ने तत्परता से ढूंढ कर अपने घरों पर पहुंचाया। वहीं शिवराज सिंह चौहान के 13 वर्षों के शासनकाल में 02 लाख 41 हजार 535 महिलाएं अपराधियों को शिकार हुईं, जिसमें से 25 हजार 566 अपहरित कर ली गईं, 46 हजार 317 महिलाएं बलात्कारियों का शिकार हुईं, 17 हजार 986 मासूम अबोध बालिकाएं बलात्कारियों का शिकार हुई, 93 हजार 497 महिलाएं छेड़छाड़ का शिकार हुई।