नई दिल्ली। शहर में छेड़छाड़ की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। लड़कियों और महिलाओं को छेड़ना मनचलों के लिए आम सी बात हो गई है। पीड़ित महिलाओं ने हुई इस घटना के बारे में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया है। राजधानी दिल्ली के ग्रेटर कैलाश पार्ट-2 जैसे पॉश इलाके में रेस्टोरेंट में खाना खाने गईं 3 महिलाओं के साथ वहां पहले से मौजूद 2 युवकों ने न केवल उनके साथ बदसलूकी की, बल्कि उनके साथ अश्लील हरकतें भी कीं। रेस्तरां के कर्मचारी व वहां मौजूद लोग मूकदर्शक बने रहे। कोई पीड़िताओं की मदद को आगे नहीं आया। आरोपी घटना के वक्त महिलाओं के पीछे वाली टेबल पर बैठे थे। इस दौरान वहां पर मौजूद रेस्टोरेंट के मालिक, कर्मचारी सहित अन्य लोगों ने विरोध नहीं किया। आखिरकर, तीनों महिलाओं ने जब अपना दर्द सोशल मीडिया पर बयां किया, तब पुलिस भी हरकत में आई। इस घटना के बाद एक बार फिर दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हुए हैं। महिलाओं ने आरोपियों की अश्लील हरकतें करते हुए फोटो भी खींच लिए हैं, जिसे उन्होंने पुलिस को सौंप दिया है। डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सीआरपार्क पुलिस आईपीसी की धारा 354/506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।