मुंबई। पाकिस्तान से मिली हार के बाद दक्षिण अफ्रीका का विश्व कप 2019 का खिताब जीतने का सपना चकनाचूर हो गया। इस हार के साथ ही दक्षिण अफ्रीका की टीम सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई। विश्व कप से बाहर होने का जिम्मेदार दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डू प्लेसी आईपीएल को मानते हैं। डू प्लेसी ने कहा कि टीम मैनेजमेंट ने आईपीएल 2019 में कगिसो रबाडा को खेलने से रोकने के लिए काफी प्रयास किए। हमने कगिसो रबाडा को बिल्कुल फिट रखने के लिए तमाम सिफारिश की।
दक्षिण अफ्रीका को पाकिस्तान ने 49 रनों से शिकस्त दी। इसी के साथ दक्षिण अफ्रीका टूर्नामेंट से बाहर हो गई। डू प्लेसी ने बताया साल 2019 से लेकर अब तक कगिसो रबाडा 303 ओवर फेंके हैं, जिनमें आईपीएल के ओवर्स भी शामिल है। दिल्ली कैपिटल्स के लिए कगिसो रबाडा ने 12 मैचों में 25 विकेट चटकाए। आईपीएल में चोटिल होने के बाद ही दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा कदम उठाते हुए उनको वापस बुलाया। डू प्लेसी ने कहा कि आईपीएल शुरू होने से पहले भी यह मुद्दा उठा था। तीनों प्रारूपों में खेलने वाले खिलाड़ी बिना आराम किए ही निरंतर खेले जा रहे थे।
डू प्लेसी ने बताया कि मैं यह नहीं मानता कि यह सिर्फ आईपीएल के लिए जरूरी है। हालांकि कुछ लोगों के लिए आराम बहुत ही आवश्यक था। विश्व कप में कुछ खिलाड़ी ताजगी के साथ नहीं आए। यह हार को छुपाने का कोई बहाना नहीं बल्कि सच्चाई है। यदि आपको यकीन नहीं तो पहले दिनों की अपेक्षा उनकी गति देख सकते हैं। डू प्लेसी ने कहा कि बतौर खिलाड़ी मैं अपने आप पर गर्व महसूस करता हूं। अपने देश के लिए खेलना बहुत ही गर्व की बात है। लेकिन खराब प्रदर्शन की वजह से लोग हमारी आलोचना कर रहे हैं।