दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा पुलिस के समक्ष आज पांच लाख रुपए के इनामी महिला नक्सली नंदे उर्फ लाली ने आत्मसर्पण कर दिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने बताया कि केरलापाल एरिया कमेटी सदस्य की रहने वाली इस महिला नक्सली ने दंतेवाड़ा मुख्यालय पहुंच कर पुलिस अधीक्षक के समक्ष समर्पण किया। नंदे उर्फ लाली कई बड़ी वारदात में शामिल रही है। वर्ष 2003 में गुंडम गेलूर में ब्लास्ट की घटना में नंदे शामिल थी।
इस घटना में एक जवान शहीद हो गया था। वहीं, वर्ष 2010 में नारायणपुर के झाराघाटी में फायरिंग में उक्त महिला नक्सली लीड कर रही थी। इस घटना में पांच जवान शहीद हुए थे। इसी प्रकार वर्ष 2014 सुकमा के चिंतागुफा के कसालपाड़ मुठभेड़ में 14 जवानों की हत्या में भी नंदे शामिल थी। पुलिस के समक्ष समर्पण करने वाली महिला नक्सली को पुनर्वास नीति के तहत सुविधाएं प्रदान की जायेगी।