नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर दोनों कीमती धातुओं में रही गिरावट के कारण शनिवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 60 रुपए गिरकर 32,810 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। इस दौरान चांदी भी 140 रुपए उतरकर 37,410 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। वैश्विक स्तर पर गुरूवार को पीली धातु के दाम एक फीसदी से अधिक बढ़े थे जिसके कारण शुक्रवार को इस पर मुनाफावसूली का दबाव रहा। हालांकि, दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के कमजोर पड़ने से पीली धातु की गिरावट सीमित रही है।
अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में लंदन का सोना हाजिर 1.12 डॉलर की गिरावट में 1,282.45 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। जून का अमेरिकी सोना वायदा भी 3.40 डॉलर की गिरावट के साथ 1,282.00 डॉलर प्रति औंस बोला गया अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में चाँदी हाजिर 0.01 डॉलर की गिरावट के साथ 14.55 डॉलर प्रति औंस के भाव बिकी।