मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और निर्देशक राज कपूर की पत्नी कृष्णा कपूर का सोमवार को निधन हो गया। वह 87 वर्ष की थीं। कृष्णा राज कपूर पिछले काफी समय से बीमार चल रही थीं। उनकी पौत्री रिद्धिमा कपूर साहनी ने इंस्टाग्राम पर इसकी जानकारी दी। श्रीमती कृष्णा को कई सालों से सांस की बीमारी थी। उन्होंने 1946 में राज कपूर से शादी रचायी थी और उनके पांच बच्चे रणधीर कपूर, ऋषि कपूर, राजीव कपूर, ऋतु नंदा और रीमा जैन हैं। रिद्धिमा उनके पुत्र एवं अभिनेता ऋषि कपूर की पुत्री हैं।
उनके निधन की जानकारी मिलते ही लोग कपूर परिवार के घर शोक व्यक्त करने पहुंचने लगे हैं और ट्विटर पर भी लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। 87 साल की उम्र में भी वे काफी एक्टिव थीं। उन्हें फैमिली पार्टी और मूवी प्रीमियर में कई बार देखा गया था। कुछ समय पहले उन्हें बेटे ऋषि कपूर के बर्थडे सेलिब्रेशन के वक्त में पेरिस में देखा गया था। 1988 में राज कपूर के निधन के बाद उन्होंने अपने पूरे परिवार को साथ रखा। अपने 5 बच्चों की जिम्मेदारी उठाई। कृष्णा राज कपूर के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है
रणधीर कपूर ने मां के निधन पर दुख जताते हुए कहा, ''मुझे यह बताते हुए दुख हो रहा है कि मैंने आज सुबह अपनी मां को खो दिया है। ''रवीना टंडन ने श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट किया कि एक युग खत्म हो गया। भगवान कपूर परिवार को शक्ति दे और मृतक की आत्मा को शांति मिले। ओम शांति। अनुपम खेर ने ट्वीट किया कि श्रीमती कृष्णा राजकूपर ने निधन से काफी गहरा दुख हुआ है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। मेरी संवेदना पूरे कपूर परिवार और नंदा परिवार के साथ है। ओम शांति।