08 Sep 2024, 06:57:12 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news

ब्रिटेन में वोटिंग आज, पीएम ऋषि सुनक को कीर स्टार्मर से मिल रही चुनौती

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 4 2024 12:26PM | Updated Date: Jul 4 2024 12:26PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

ब्रिटेन में आज आम चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। कंजर्वेटिव पार्टी से भारतीय मूल के ऋषि सुनक और लेबर पार्टी से कीर स्टार्मर प्रधानमंत्री पद के लिए चुनावी रण में हैं। इस चुनाव में किस की जीत होगी, ऋषि सुनक करेंगे वापसी या उनके प्रतिद्वंदी कीर स्टार्मर इतिहास रचेंगे। इसकी तस्वीर अगले दिन शुक्रवार तक साफ हो जाएगी। गौरतलब है कि ब्रिटेन में अगले साल जनवरी में चुनाव होने थे, लेकिन पीएम ऋषि सुनक ने 22 मई को देश में समय से पहले चुनाव कराने की घोषणा की थी। ब्रिटेन में ये चुनाव तय समय से करीब 6 महीने पहले हो रहे हैं। यूके में कुल 650 निर्वाचन क्षेत्र हैं। बहुमत का जादुई आंकड़ा 326 है।

यूनाइटेड किंगडम में आम चुनावों के लिए प्रचार अभियान थम चुका है। आज ब्रिटेन की जनता देश के सांसदों को चुनने के लिए वोट डालेगी। ब्रिटेन में वोटिंग गुरुवार सुबह 7 बजे (भारतीय समयानुसार सुबह 11:30 बजे) शुरू होगी। यह मतदान रात 10 बजे (भारत में रात 2:30) खत्म होगी। मतदान को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। पोलिंग स्टेशनों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए हैं। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। ब्रिटेन में बैलट पेपर के जरिए मतदान होता है। ब्रिटेन के चुनाव में न केवल वहां के नागरिक बल्कि UK में रहने वाले कॉमनवेल्थ देशों के नागरिक जैसे भारतीय, पाकिस्तानी, ऑस्ट्रेलियाई भी मतदान कर सकते हैं।

ब्रिटेन में आज पूरे दिन वोट डाले जाएंगे। अगले 5 साल तक ब्रिटेन का भविष्य तय करने के लिए आज 5 करोड़ वोटर्स सांसदों का चुनाव करेंगे। इसके बाद जिस तरह से भारत में वोटिंग के खत्म होने के बाद एग्जिट पोल नतीजे आने शुरू हो जाते हैं, ठीक वैसे ही ब्रिटेन के अलग-अलग मीडिया हाउस एग्जिट पोल देना शुरू कर देंगे। हालांकि अभी तक के चुनावी सर्वेक्षणों में स्टार्मर का पलड़ा भारी बताया जाता है। वहीं कंजर्वेटिव पार्टी के ऋषि सुनक को अपने आर्थिक सुधारों के दम पर वापसी की उम्मीद है।

वोटिंग खत्म होने के बाद देश में रातभर पोलिंग स्टेशनों पर मतगणना होगी। 5 जुलाई (शुक्रवार) की सुबह तक ये साफ हो जाएगा कि चुनाव में कंजर्वेटिव पार्टी या लेबर पार्टी ने जीत दर्ज की। ये भी पता चल जाएगा कि सुनक और स्टार्मर में से कौन अगले पांच साल ब्रिटेन का प्रधानमंत्री रहेगा। ब्रिटेन में 14 साल से सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी का राज है। हालांकि, पार्टी इस बार के चुनाव में हारती नजर आ रही है। इलेक्शन से पहले हुए अलग-अलग सर्वे में विपक्ष की लेबर पार्टी को बहुमत मिलता दिखाया गया है।

अगर 650 सीटों वाली ब्रिटेन की संसद की मौजूदा स्थिति को देखें तो उसमें अभी कंजर्वेटिव पार्टी के पास 344, लेबर पार्टी के पास 205, स्कॉटिश नेशनल पार्टी के पास 43, लिबरल डेमोक्रेटिक्स के पास 15, डेमोक्रेटिक यूनियनिस्ट पार्टी और सिन फिन पार्टी के पास 7-7 सीटे हैं, जबकि एक सीट पर रिफॉर्म पार्टी का कब्जा है। इनके अलावा 27 सीटें अन्य पार्टियों और निर्दलीयों के पास हैं। 

2019 के आम चुनाव में यूके में जबरदस्त वोटिंग हुई थी। तब वोटिंग का प्रतिशत 67।3 रहा था। सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी ने धमाकेदार जीत दर्ज की थी और 365 सीटें मिली थीं। वहीं स्टार्मर की लेबर पार्टी दूसरी नंबर पर रही थी। उसके खाते में 202 सीटें आई थीं। वहीं लिबरल डेमोक्रेट्स को 11सीटों से ही संतोष करना पड़ा था। इस बार लगभग सभी सर्वे में कंजरवेटिव पार्टी की करारी हार की आशंका जताई है।

 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »