महाराष्ट्र के अकोला से हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। पुलिस ने शुक्रवार को एक 24 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शख्स ने करीब 1 साल तक कई बार 10 वर्ष की नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार किया है। आरोपी को पीड़िता का रिश्तेदार बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता अपनी पढ़ाई के लिए अपने रिश्तेदारों के यहां रहती थी।
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के अकोला जिले में 10 वर्षीय बच्ची के साथ एक साल तक कई बार दुष्कर्म करने की घटना सामने आई है। शिकायत के आधार पर 24 वर्षीय आरोपी को आज तड़के उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। दरअसल, नाबालिग बच्ची पढ़ाई के लिए अपने रिश्तेदारों के यहां रह रही थी। यहीं पर आरोपी ने कई बार घर में बच्ची के अकेले होने पर उसका यौन उत्पीड़न किया।
पुलिस ने बताया है कि आरोपी पिछले वर्ष अगस्त से 10 वर्षीय बच्ची के साथ दुर्व्यवहार कर रहा था। बच्ची के परिवार ने गुरुवार को पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार) और अन्य प्रासंगिक प्रावधानों तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।