गरियाबंद। आज लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग खत्म हो गई है। इसी बीच खबर आ रही है कि छत्तीसगढ़ में एक जवान ने खुद को गोली मार ली है। गरियाबंद जिले में आज चुनाव ड्यूटी के लिए आए मध्य प्रदेश विशेष सशस्त्र बल के एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस अधिकारियों ने इस घटना की जानकारी दी। जानकारी दे दें कि आज 13 राज्यों की 88 सीटों पर चुनाव हुए।
दरअसल, गरियाबंद महासमुंद लोकसभा क्षेत्र में आता है, जहां आम चुनाव के दूसरे चरण में आज शुक्रवार को मतदान हो रहा। पुलिस अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना सुबह करीब 9.30 बजे पीपरछेड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के कूड़ेरादादर गांव के एक सरकारी स्कूल में हुई, जहां चुनाव ड्यूटी के लिए सुरक्षाकर्मी पहुंचे थे।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधान आरक्षक जियालाल पवार ने कथित तौर पर वहां एक कमरे में अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। प्रधान आरक्षक पवार रिजर्व टीम में थे और उन्हें मतदान ड्यूटी के लिए तैनात नहीं किया गया था। वे मध्यप्रदेश विशेष सशस्त्र बल के 34 वीं बटालियन में थे। अधिकारियों ने आगे बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हमें मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आगे मामले की जांच की जा रही है।