दुबई। सऊदी अरब में इन दिनों दुनिया के सबसे बड़े होटल को बनाने का काम तेजी से चल रहा है। 3.5 अरब डॉलर यानी करीब 24,000 करोड़ रुपए में बनने वाले इस होटल में 10,000 से अधिक कमरे होंगे। यह होटल मक्का में बन रहा है, इसे दुनिया की सबसे खूबसूरत इमारतों में से एक भी माना जा रहा है।
इस होटल का निर्माण जारी है और इसके 2017 में खुलने की उम्मीद की जा रही है। सऊदी सरकार की वित्तीय मदद से बन रहा यह होटल 14 लाख वर्ग मीटर में फैला है। इसका डिजाइन दार अल-हंदासाह ग्रुप ने तैयार किया है, जो इंटरनेशनल प्रोजेक्ट डिजाइन फर्म है।
70 रेस्तरां, 4 रूफटॉप हेलिपैड और 12 टॉवर
इस विशाल होटल में 10,000 कमरे, 70 रेस्तरां, 4 रूफटॉप हेलिपैड और 12 टॉवर होंगे। इसे दुनियाभर के लग्जरी होटलों के लिए एक मिसाल माना जा रहा है। इस बिल्डिंग का सबसे बड़ा टॉवर 45 मंजिला है, जबकि सबसे छोटी इमारत में 30 फ्लोर होंगे। हालांकि इसके टॉप पांच फ्लोर सऊदी शाही परिवारों के लिए रिजर्व रखे जाएंगे। यह दुनिया की सबसे बड़ी मस्जिद अल-हराम से महज दो किलोमीटर की दूरी पर होगा।
खास लोग ही रुक पाएंगे
इस होटल में सबसे अलग फूड कोर्ट्स होंगे, एक बेहतरीन कन्वेंशन सेंटर, एक बस स्टेशन, शॉपिंग मॉल और एक बॉलरूम होगा। हर साल हजयात्रा के दौरान करीब 20 लाख लोग मक्का पहुंचते हैं, जबकि एक साल में करीब दो करोड़ लोग इस शहर में आते हैं। इनमें से हर यात्री की आर्थिक क्षमता इस होटल में रहने लायक नहीं होगी, लेकिन कुछ ‘सुपर रिच’ लोग जरूर इसमें ठहर सकते हैं।