इस्लामाबाद। पाकिस्तान में तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गयी और 42 अन्य घायल हो गए। स्थानीय मीडिया और पुलिस ने गुरुवार को इस बात की जानकारी दी। दक्षिणी सिंध प्रांत के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परवेज खान उमरानी ने बताया कि दादू क्षेत्र के मखदूम बिलावल के नजदीक एक यात्री बस और एक ट्रक की टक्कर हो गयी जिसमें आठ लोगों की मौत हो गयी जबकि 32 अन्य घायल हो गए।
यात्रियों से भरी बस लरकाना प्रांत से कराची की ओर जा रही थी। इस मामले की जांच की जा रही है। घायलों को नजदीक के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां कई लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। एक अन्य सड़क दुर्घटना में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में विद्यार्थियों से भरी हुई एक जीप खाई में गिर गयी जिसमें तीन छात्रों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी जबकि पांच अन्य घायल हो गए। समा न्यूज ने इस बात की जानकारी दी।
घायल छात्रों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां तीन छात्रों की हालत नाजुक बनी हुई है। सिंध प्रांत के तांदू आदम खान शहर में हुई एक अन्य तीसरी सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गयी जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। स्थानीय मीडिया के मुताबिक घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।