29 Mar 2024, 04:05:22 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » World

इंडोनेशिया विमान हादसा : बैगों में इकट्ठा किए समुद्र से मिले शवों के टुकड़े

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Oct 31 2018 12:39PM | Updated Date: Oct 31 2018 12:39PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

जकार्ता। इंडोनेशिया के खोजी दल ने मंगलवार को लॉयन एयरलाइंस के विमान के कई टुकड़े ढूंढ निकाले। खोजी दल के प्रमुख मुहम्मद स्याउगी ने बताया कि टीम को काफी इंसानी अवशेष मिले हैं, जिन्हें 24 बैग में रखा गया है। डीएनए टेस्ट से पहचान के लिए अंगों को जकार्ता भेजा जाएगा। इंडोनेशिया के जकार्ता से पांकल पिनांग शहर जा रहा लॉयन एयर का एक यात्री विमान सोमवार सुबह उड़ान भरने के 13 मिनट बाद समुद्र में क्रैश हो गया था।
 
विमान में सवार सभी 189 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई गई है। इनमें तीन बच्चों समेत 181 यात्री, 2 पायलट और छह अन्य क्रू मेंबर शामिल थे। विमान संपर्क टूटने वाली जगह से करीब दो नॉटिकल मील (3.7 किलोमीटर) दूर कारावांग की खाड़ी में क्रैश हुआ। इस हवाई जहाज में इंडोनेशिया के वित्त मंत्रालय के 20 अधिकारी भी सवार थे। लॉयन एयर का बोइंग-737 मैक्स कुछ महीने पहले ही सेवा में आया था।
 
अभी तक कोई जिंदा नहीं मिला
खोजी दल ने किसी भी यात्री और क्रू मेंबर के जिंदा मिलने की बात से इनकार किया। अफसरों ने कहा कि प्लेन समुद्र में 30-40 मीटर की गहराई में क्रैश हुआ। लिहाजा किसी के भी जिंदा बचने की उम्मीद काफी कम है। खोजी दल के प्रवक्ता यूसुफ लतीफ ने बताया कि विमान के मुख्य हिस्से को 5 जंगी जहाजों से ढूंढा जा रहा है। इन जंगी जहाजों में समुद्र के अंदर डूबी चीज को खोजने की क्षमता (सोनार) है। फिलहाल विमान के कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डर और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर अभी तक नहीं मिले हैं।
 
एक दिन पहले भी विमान में दिखी थी गड़बड़ी
हादसे का शिकार हुए विमान को लेकर चौंकाने वाली बात सामने आई है। एक फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के मुताबिक पिछली उड़ान के दौरान विमान की गति में असामान्य बदलाव दिखा था। नेशनल ट्रांसपोर्ट सेफ्टी कमेटी (एनटीएससी) के उप-प्रमुख हारयो सतमिको ने भी मंगलवार को बताया कि अनियमित गति समेत विमान में कुछ तकनीकी खामियां थीं। लायन एयर के सीईओ एडवर्ड सिरेत ने भी सोमवार का स्वीकार किया था कि विमान की पिछली उड़ान में कुछ तकनीकी खामी आई थी, जिसे सुधार लिया गया था।
 
हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि क्या गड़बड़ी हुई थी। रविवार की उड़ान में शामिल रहे दो यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव भी साझा किए हैं। उनका कहना है कि विमान ने तीन घंटे की देरी से उड़ान भरी थी। उसके एयर कंडीशन और केबिन लाइटिंग में भी दिक्कत थी। एक यात्री ने पूरे सफर के दौरान इंजन से अजीब आवाज आने की बात भी कही है।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »