20 Apr 2024, 20:31:04 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » World

कश्मीरी भारत के साथ खुश तो वहीं रहें: पाक उच्चायुक्त अब्दुल बासित

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 26 2016 11:48AM | Updated Date: Sep 26 2016 3:16PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

इस्लामाबाद। उड़ी हमले के बाद कड़ी कार्रवाई को लेकर पाकिस्‍तान घबरा गया है। यही वजह है कि अब उसको भी इस बात का अंदाजा हो चला है कि हिंदुस्तान से युद्ध करना किसी समस्या का समाधान नहीं है। भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने कोलकाता में एक अंग्रेजी अखबार को दिए इंटरव्यू में कहा है कि युद्ध कोई हल नहीं है, कश्मीरियों को भविष्य चुनने का निष्पक्ष मौका दो, अगर वो भारत में खुश हैं तो उन्हें वहीं रहने दो।

उड़ी हमले में पाक का कोई लेना-देना नहीं 
बासित ने कहा कि पाकिस्तान को आतंकी मुल्क कहना सिर्फ जुमलेबाजी है। हम भी ऐसे शब्दों का इस्तेमाल कर सकते हैं लेकिन उससे कोई मकसद हल नहीं होता। दो देशों के रिश्ते जुमलेबाजी से नहीं चलते। किसी भी देश को इस तरह की चेतावनी देना सही नहीं है। बासित ने कहा कि उड़ी आतंकी हमले में पाक का कोई लेना-देना नहीं है।
 
बयानों से तय नहीं होती पॉलिसी
पाकिस्तान हाफिज सईद और सैयद सलाउद्दीन को भारत के खिलाफ जहर उगलने की इजाजत क्यों देता है? इस पर बासित ने कहा कि ऐसी आवाजें भारत में भी उठती हैं, लेकिन पाकिस्तान या भारत की पॉलिसी लोगों के आग उगलते भाषणों से नहीं तय होतीं।
 
पाकिस्तान अपनी हिफाजत करने में काबिल 
हाल ही में सोशल मीडिया पर भारतीय सेना द्वारा सीमा पार कर आतंकी ठिकानों के तबाह किए जाने के सवाल पर बासित ने कहा कि इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। पाकिस्तान अपनी हिफाजत करने में काबिल है। मुझे नहीं लगता कि चीजें इस हद तक बढ़ेंगी।
 
भारत-कश्मीर के निहत्थे लोगों पर जुल्म कर रहा 
पाकिस्तान विदेश मंत्रालय ने रविवार को जारी बयान में कहा- भारत-कश्मीर के निहत्थे लोगों पर जुल्म कर रहा है। महिलाओं और बच्चों को भी बख्शा नहीं जा रहा है। बयान के मुताबिक, जुलाई में कश्मीरी यूथ लीडर बुरहान वानी की हत्या के बाद जब वहां के लोगों ने आवाज उठाई तो जुल्म बढ़ गए। पिछले 75 दिनों में कश्मीर के करीब 100 लोग शहीद हुए, कई ने आंखें गंवा दी और हजारों जख्मी हुए।
 
भारत हमारे देश में आतंकवाद फैला रहा है
पाक ने कहा कि ये बदकिस्मती की बात है कि इतने जुल्मों के बाद भी भारतीय नेता पाकिस्तान को बदनाम करने की और कश्मीर से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। हमें अफसोस है कि ये सब टॉप लेवल से किया जा रहा है। बयान के मुताबिक, दुनिया के कई देश कश्मीर में हो रहे ह्युमन राइट्स वॉयलेशन पर नजर रख रहे हैं। 
 
हम मांग करते हैं कि कश्मीर में स्वतंत्र जांच दल और फैक्ट फाइंडिंग मिशन भेजे जाएं। पाकिस्तान ने भारत पर आतंकवाद को बढ़ावा देने के भी आरोप लगाए हैं। इंडियन नेवी के एक अधिकारी कुलभूषण जाधव की गिरफ्तारी से साफ हो जाता है कि भारत हमारे देश में आतंकवाद फैला रहा है।'
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »