लीमा। पेरू के पूर्व राष्ट्रपति एलेजैन्ड्रो टोलेडो को भ्रष्टाचार के एक मामले में मंगलवार को अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया। अटॉर्नी जनरल कार्यालय ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, अटॉर्नी जनरल कार्यालय यह सूचना देता है कि पेरू के प्रत्यर्पण संबंधी अनुरोध पर पूर्व राष्ट्रपति एलेजैन्ड्रो टोलेडो को अमेरिका में मंगलवार सुबह गिरफ्तार किया गया।’’ अभियोजकों ने कहा, टोलेडो को उनके देश लौटाने के उद्देश से प्रक्रिया के तहत अमेरिकी अधिकारियों के समक्ष पेश किया जा रहा है।
टोलेडो वर्ष 2017 से अमेरिका में रह रहे हैं। वह पेरू और ब्राजील को जोड़ने वाले इंटेरओसेनिक हाईवे के निर्माण के लिए एक सरकारी अनुबंध के बदले निर्माण से जुड़ी ब्राजील की एक बड़ी कंपनी ओडेबरेच्ट से रिश्वत लेने समेत विभिन्न मामलों में आरोपी हैं। ये आरोप टोलेडो की पत्नी एलिआने कार्प और उनके पूर्व सुरक्षा प्रमुख एवराहम डेन आॅन और इनके बेटे शाई डेन ऑन पर भी लगे हैं। पेरू के पूर्व राष्ट्रपति एलेजैन्ड्रो टोलेडो की प्रत्यपर्ण की कार्रवाई में डेढ़ वर्ष तक का समय लग सकता है।