लंदन। ब्रिटेन के प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्कल ने अपने नन्हें राजकुमार का नाम आर्ची हैरिसन माउंटबेटन विंडसर रखा है। रॉयल ससेक्स के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर नाम का खुलासा करते हुए लिखा गया है, ‘‘ड्यूक और डचेज ऑफ ससेक्स एक परिवार के तौर पर अपना पहला सार्वजनिक क्षण साझा करते हुए बेहद प्रसन्नता का अनुभव कर रहे हैं। वे जीवन की इस विशेष घड़ी में सहयोग के लिए आप सबका धन्यवाद करते हैं।’’
इस हैंडल पर दो दिन के नन्हे राजकुमार की मेगन और हैरी के साथ तस्वीरें भी शेयर की गई हैं जिसमें नन्हे राजकुमार अपने पिता की गोद में सफेद कंबल में लिपटे नजर आ रहे हैं। इससे पहले इंस्टाग्राम पर दो दिन पहले पोस्ट शेयर करते हुए लिखा गया था, ‘‘लड़के ने जन्म लिया है।’’ वहीं ट्विटर पर खुशखबरी भरा संदेश लिखा गया, ‘‘ब्रिटेन की डचेस ऑफ ससेक्स मेगन मर्केल ने सोमवार को बेटे को जन्म दिया।’’
साथ ही बकिंघम पैलेस ने अपने बयान में लिखा, ‘‘डचेज और बच्चा दोनों ही स्वस्थ हैं। दंपती ने उनके जीवन की इस विशेष घड़ी में सहयोग के लिए लोगों को धन्यवाद दिया है।’’ गौरतलब है कि प्रिंस हैरी और मेगन की शादी 19 मई 2018 को हुई थी। यह शादी साल की सबसे चर्चित शादियों में से एक थी।