लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार की जमकर आलोचना की। लम्बे समय से कयास लगाए जा रहे थे कि मुलायम सिंह यादव नई पार्टी का ऐलान कर सकते हैं, प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने इस बात से इनकार कर दिया है। हालांकि उन्होंने कहा कि समान विचार के लोगों को साथ आना चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में यादव ने कहा कि यूपी में कानून राज समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि किसानों से कर्जमाफी के नाम पर छलावा हुआ है, बीएचयू में लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं।उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र ने तीन साल में अपना कोई वादा पूरा नहीं किया है।उन्होंने मांग की है कि पेट्रोल पर भी जीएसटी लगना चाहिए।उम्मीद जताई जा रही थी कि प्रेस कांफ्रेंस में शिवपाल सिंह यादव भी उनके साथ मौजूद रहेंगे लेकिन इस दौरान वह नजर नहीं आए। दरअसल करीब साल भर बीतने के बाद भी समाजवादी पार्टी और परिवार में मतभेद थमने का नाम नहीं ले रही है।एक तरफ मुलायम सिंह यादव और शिवपाल सिंह यादव हैं, वहीं दूसरी तरफ अखिलेश यादव और राम गोपाल यादव हैं।