18 Apr 2024, 21:41:29 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
UPElection

नौकरी लगने तक एजुकेशन लोन पर नहीं लगेगा ब्याज -राहुल

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Apr 8 2019 1:24AM | Updated Date: Apr 8 2019 1:24AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। देश के बीस फीसदी सबसे गरीब परिवारों को न्यूनतम आय योजना देने के वादे के साथ कांग्रेस ने युवाओं के लिए भी रविवार को एक बड़ा ऐलान किया। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने  कहा है कि जब तक एक विद्यार्थी को नौकरी नहीं मिलती या स्वरोजगार के माध्यम से कमाई नहीं होती, तब तक बैंक कोई ब्याज नहीं लेगा। राहुल गांधी ने रविवार को फेसबुक पोस्ट में कहा कि पार्टी सत्ता में आती है, तो 31 मार्च 2019 तक के पुराने शिक्षा ऋण पर बकाया ब्याज माफ कर दिया जाएगा। पार्टी ने शिक्षा ऋण के लिए एकल खिड़की सिस्टम का भी वादा किया है। दरअसल, अभी शिक्षा ऋण पर युवाओं को नौकरी लगने तक सिर्फ ब्याज देना होता है। नौकरी या स्वरोजगार शुरू होने के बाद किश्त शुरू होती है।
 
शिक्षा से जुड़े कई वादे  
पार्टी ने लोकसभा चुनाव घोषणापत्र में शिक्षा से जुड़े कई  वादे किए हैं। इनमें बारहवीं तक शिक्षा मुफ्त और अनिवार्य करने के साथ शिक्षा बजट को बढ़ाकर जीडीपी का छह फीसदी करने का वादा किया है। पार्टी ने कहा कि शिक्षा ऋण के लिए आवेदन एकल पोर्टल पर प्राप्त, जांच और स्वीकृत किए जाएंगे।  इसके बाद आवेदक के निवास या अध्ययन स्थल के नजदीक प्रलेखन व निगरानी के लिए बैंक की शाखा को सौंपे जाएंगे। जब तक विद्यार्थी की नौकरी नहीं लगती या स्वरोजगार से कमाई शुरू नहीं होती, तब तक अध्यन की अवधि के दौरान कोई ब्याज नहीं लिया जाएगा। 
 
राहुल ने भ्रष्टाचार पर मोदी को दी बहस की चुनौती
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को ट्विट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहस की चुनौती दी। कांग्रेस अध्यक्ष ने लिखा कि मोदी, आप भाग सकते हैं लेकिन छिप नहीं सकते। आपके कर्म आपके पीछे-पीछे हैं। देश आपकी आवाज में ये पहचान सकता है। सत्य बहुत शक्तिशाली होता है। मैं आपको भ्रष्टाचार पर बहस की चुनौती देता हूं। उन्होंने इस ट्विट के साथ हाल ही में एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू की क्लिप भी जोड़ी है जिसमें राफेल मामले को लेकर पीएम मोदी से सवाल किया गया है। पहले चरण के लिए 11 अप्रैल को मतदान होना है, जिसको देखते हुए राजनीतिक दलों की तरफ से प्रचार तेज कर दिया गया है। भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह की ताबड़तोड़ रैलियां जारी है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी चुनावी मिशन में तेजी से लगे हुए हैं। इसके अलावा राज्यों में भी विभिन्न राजनीतिक पार्टियों ने चुनाव प्रचार तेज कर रखा है। 
 
वाड्रा कांग्रेस के लिए पूरे देश में करेंगे प्रचार
प्रियंका गांधी के सियासी मैदान में उतरने के बाद उनके पति रॉबर्ट वाड्रा भी कांग्रेस के लिए प्रचार अभियान में जोर लगाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा है कि यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नामांकन पत्र भरने के बाद वह पूरे भारत में कांग्रेस पार्टी के लिए प्रचार करेंगे। वहीं, केंद्रीय वित्त मंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता अरुण जेटली ने इस बयान पर वाड्रा की चुटकी लेते हुए कहा कि वाड्रा के प्रचार से किसको फायदा होगा, बीजेपी को या कांग्रेस को? रॉबर्ट वाड्रा ने रविवार को कहा कि वेअमेठी और रायबरेली में राहुल गांधी और सोनिया गांधी के नामांकन भरते समय उनके साथ मौजूद रहेंगे। वे इन दोनों नेताओं के लोकसभा क्षेत्रों में जाकर चुनाव प्रचार भी करेंगे। राहुल गांधी 10 अप्रैल को अमेठी में तो सोनिया गांधी 11 अप्रैल को रायबरेली लोकसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »