19 Apr 2024, 13:08:43 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Business

बाजार ने शुरुआती बढ़त गंवाई, सेंसेक्स 74 अंक लुढ़का

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Aug 20 2019 5:20PM | Updated Date: Aug 20 2019 5:20PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

मुंबई। विदेशों से मिले मिश्रित संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को गिरावट देखी गयी। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 74.48 अंक यानी 0.20 प्रतिशत की गिरावट में 37,328.01 अंक पर तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 36.90 अंक यानी 0.33 प्रतिशत टूटकर 11,017 अंक पर बंद हुआ। बाजार आरंभ में तेजी के साथ खुला था, लेकिन कुछ ही देर में लाल निशान में उतर गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईटीसी, आईसीआईसीआई बैंक और एचडीएफसी जैसी दिग्गज कंपनियों के शेयरों में हुई बिकवाली से बाजार पर दबाव रहा।
 
सेंसेक्स 39.26 अंक की तेजी के साथ 37,441.75 अंक पर खुला और शुरुआती एक घंटे में ही 37,511.55 अंक के दिवस के उच्चतम स्तर पर पहुँच गया। बाद में बिकवाली बढ़ने पर यह लाल निशान में उतर गया। कारोबार की समाप्ति से पहले 37,219.90 अंक के निचले स्तर से होता हुआ अंत में यह सोमवार की तुलना में 74.48 अंक नीचे 37,328.01 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 30 में से 18 कंपनियों के शेयर गिरावट में और शेष 12 के मजबूती के साथ बंद हुये।
 
मझोली और छोटी कंपनियों पर ज्यादा दबाव रहा। बीएसई का मिडकैप 0.60 प्रतिशत और स्मॉलकैप 0.62 प्रतिशत लुढ़ककर क्रमश: 13,436.93 अंक और 12,570.32 अंक पर आ गये। बीएसई में कुल 2,583 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 1,524 के शेयर लाल निशान में और 918 के हरे निशान में रहे जबकि 141 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंतत: अपरिवर्तित रहे।
 
निफ्टी सोमवार के मुकाबले 10 अंक चढ़कर 11,063.90 अंक पर खुला। आरंभ में ही 11,076.30 अंक तक पहुँचने के बाद इसमें भी बिकवाली हावी रही। कारोबार के दौरान एक समय यह 11 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे उतरकर 10,985.30 अंक पर आ गया। अंत में गत कारोबारी दिवस की तुलना में 36.90 अंक नीचे 11,017 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी की 50 में से 30 कंपनियों के शेयर में गिरावट और शेष 20 के बढ़त रही। 
 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »