विदिशा। मध्यप्रदेश के सामाजिक न्याय एवं नि:शक्त कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव एवं विदिशा जिले के प्रभारी सचिव जेएन कंसोटिया ने आज राजस्व सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए है कि अनवरत वर्षा एवं जलभराव से हुई क्षति के सर्वे में कोई भी पात्र व्यक्ति ना छूटे ना ही अपात्र शामिल ना हो। कंसोटिया ने आज जिले में क्रियान्वित योजनाओं के साथ-साथ बाढ आपदा प्रबंधन के तहत क्रियान्वित किए गए कार्यो की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बाढ के कारण जो सड़के क्षतिग्रस्त हुई है उनकी मरम्मत के लिए संबंधित विभाग विशेष पहल कर मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण कराएं। कलेक्टर ने बताया कि जिले में औसत से अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है।
अत्यधिक वर्षा, जलभराव से 24 जनहानि हुई है जिसमे से 17 मृतकों के परिजनों को आरबीसी के प्रावधानो के तहत 68 लाख रूपए की मदद जारी की गई है। वही 32 पशु हानि के प्रकरण पंजीबद्व किए गए है जिसमें से 12 निराकृत कर 33 हजार रूपए की राशि पशुपालकों को प्रदाय की गई है। जिले में आंशिक पूर्ण मकान, कुंआ एवं अन्य सामग्री क्षति के कुल 5370 प्रकरण अभी तक पंजीबद्व किए गए है, जिसमें से 2911 प्रकरणों का निराकरण कर एक करोड़ 73 लाख की राशि वितरित की जा चुकी है।