19 Apr 2024, 17:29:43 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

जन्माष्टमी : करोड़ों के जेवरात से सजेंगे राधा-कृष्ण

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Aug 22 2019 12:28PM | Updated Date: Aug 22 2019 12:28PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले स्थित फूलबाग गोपाल मंदिर में कल जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान राधाकृष्ण का श्रृंगार इस बार भी करीब 50 करोड़ रुपए के जेवरातों से होगा। सिंधिया राजवंश के ये प्राचीन जेवरात मध्यभारत की सरकार के समय गोपाल मंदिर को सौंप दिये गए थे। इन बेशकीमती जेवरातों में हीरे, जवाहरात और पन्ना जड़े हैं। राधाकृष्ण के इस प्रकार के श्रृंगार को देखते हुए जन्माष्टमी पर नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन और पुलिस प्रशासन ने मंदिर में व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने के निर्देश दिये हैं। फूलबाग स्थित गोपाल मंदिर में स्थापित भगवान राधाकृष्ण की प्रतिमा को इन जेवरात से सुसज्जित करने की परंपरा आजादी के पूर्व से है। उस समय  सिंधिया राजपरिवार के लोग व रियासत के मंत्री, दरबारी व आम लोग जन्माष्टमी पर दर्शन को आते थे।
 
उस समय भगवान राधाकृष्ण को इन जेवरातों से सजाया जाता था। आजादी के बाद मध्यभारत की सरकार बनने के बाद गोपाल मंदिर, उससे जुड़ी संपत्ति जिला प्रशासन व निगम प्रशासन के अधीन हो गई है। नगर निगम ने इन जेवरातों को बैंक लॉकर में रखवा दिया। वर्षों तक ये लॉकरों में रखे रहे। इसके बाद साल 2007 में डॉ. पवन शर्मा ने निगमायुक्त की कमान संभाली। उन्होंने निगम की संपत्तियों की पड़ताल कराई, उसमें इन जेवरातों की जानकारी मिली। उसके बाद तत्कालीन महापौर विवेक शेजवलकर और निगमायुक्त ने गोपाल मंदिर में जन्माष्टमी के दिन भगवान राधाकृष्ण की प्रतिमाओं को इन जेवरातों से श्रृंगार कराने की परंपरा शुरू कराई। उसके बाद से तत्कालीन आयुक्त इस परंपरा का पालन कर रहे हैं।
 
इन जेवरातों में हीरे-जवाहरात से जड़ा स्वर्ण मुकुट, पन्ना और सोने का सात लड़ी का हार, 249 शुद्ध मोती की माला, हीरे जडे कंगन, हीरे व सोने की बांसुरी, प्रतिमा का विशालकाय चांदी का छत्र, 50 किलो चांदी के बर्तन, भगवान श्रीकृष्ण व राधा के झुमके, सोने की नथ, कंठी, चूडियां, कड़े समेत अन्य बहुत सा सामान शामिल है। जेवरातों की बाजार दर काफी ज्यादा होने के कारण जन्माष्टमी के दिन यहां दो सैंकडा से अधिक जवान तैनात किये जायेंगे। पूरा गोपाल मंदिर पुलिस छावनी में तब्दील होगा। इस बार भी भगवान राधाकृष्ण के दर्शन हेतु डेढ़ से दो लाख भक्तों के यहां आने की संभावना है।निगम आयुक्त संदीप माकिन ने बताया कि जन्माष्टमी पर गोपाल मंदिर की भगवान राधाकृष्ण की प्रतिमाएं उनके परंपरागत जेवरातों से सजाई जायेंगी। इसके लिये निगम अधिकारियों का एक दल पूरी व्यवस्था पर निगरानी भी रखेगा। विशेष व्यवस्था व सुरक्षा के निर्देश भी दिये हैं। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »