भोपाल। मध्यप्रदेश के गृह मंत्री बाला बच्चन ने राज्य में बाढ़ की स्थितियों पर आज कहा कि बाढ़ से समूचे प्रदेश में करीब 10 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है और केंद्र सरकार को फौरन राज्य को करीब दो हजार करोड़ रुपए की मदद करनी चाहिए। बच्चन ने आज यहां संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि राज्य को केंद्र से दो हजार करोड़ रुपए की सहायता राशि मिलनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान पर केंद्र से राज्य को मिलने वाली मदद राशि रुकवाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चौहान ने केंद्र से संबंधित योजनाओं और केंद्र से मिलने वाले करों के हिस्से की राज्य को मिलने वाली राशि रुकवाई। उन्होंने ये भी कहा कि राज्य में भाजपा के 28 लोकसभा और आठ राज्यसभा सांसद भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए केंद्र से मदद दिलवाने की दिशा में कोई काम नहीं कर रहे।
उन्होंने आरोप लगाया कि चौहान की कथनी और करनी में फर्क है और वे किसानों को भ्रमित कर रहे हैं। मंत्री बच्चन ने दावा किया कि मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार की बाढ़ से निपटने की पूरी तैयारी है। हर जगह नुकसान के आंकलन के लिए सर्वे हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज गुजरात के केवड़यिा में सरदार सरोवर बांध किनारे अपना जन्मदिन मनाने पर हमला बोलते हुए बच्चन ने कहा कि सरदार सरोवर बांध के बैक वाटर से मध्यप्रदेश के अलीराजपुर, धार, झाबुआ, बड़वानी, खरगोन और खंडवा जिले के दो हजार से भी ज्यादा परिवार प्रभावित हुए हैं। मध्यप्रदेश के लोगों की इस परेशानी पर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कई बार नर्मदा नियंत्रण प्राधिकरण को पत्र लिखे, लेकिन केंद्र की ओर से कोई मदद नहीं दी गई।