जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर में पुलिस ने लड़कियों की तस्करी करने वाले एक गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है पुलिस अधीक्षक एन अग्रवाल ने आज यहां पत्रकारों को बताया कि लड़कियों की तस्करी करने के मामले में सुनीता यादव उसके कथित पति आनंद, बेटा निखिल तथा एक अन्य युवती को गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपियों ने 20 से अधिक लड़कियों को मध्यप्रदेश सहित गुजरात, उत्तर प्रदेश व राजस्थान में बेचना स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि अधारताल थाना क्षेत्र में रहने वाला निखिल ने एक युवती को बर्थडे के बहाने घर बुलाया। युवती को नशीली दवा देकर उसके साथ दुराचार किया और इसके बाद दुराचार का वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे राजस्थान ले गया, जहां प्रमोद और नंदकिशोर नामक दलाल की मदद से उसे राजेंद्र विजयवर्गी नामक व्यक्ति को दो लाख में बेच दिया।