29 Mar 2024, 19:27:11 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

गेल का अर्धशतक कि मदद से पंजाब ने दिल्‍ली को दिया 163 रनों का लक्ष्‍य

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Apr 20 2019 11:36PM | Updated Date: Apr 20 2019 11:36PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नयी दिल्ली। कैरेबियाई तूफान क्रिस गेल के शानदार अर्धशतक से किंग्स इलेवन पंजाब ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल-12 मुकाबले में शनिवार को यहां फिरोजशाह कोटला मैदान में सात विकेट पर 163रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बना लिया। दिल्ली ने मुकाबले में टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। पंजाब की पारी ट्वंटी-20 के यूनिवर्सल बॉस कहे जाने वाले गेल पर टिकी रही जिन्होंने अपने गगनचुम्बी छक्कों से फिरोजशाह कोटला में मौजूद 45 हजार दर्शकों को तालियां बजाने के लिए मजबूर कर दिया। गेल का एक छक्का तो 101 मीटर तक गया। गेल ने आईपीएल-12 का अपना चौथा अर्धशतक बनाया।
 
विंडीज के गेल ने 37 गेंदों पर 69 रन में छह चौके और पांच छक्के लगाए। गेल ने तीसरे ओवर में तेज गेंदबाज इशांत शर्मा पर 101 मीटर छक्का मारा और चौथे ओवर में संदीप लैमिछाने की गेंदों पर चार चौके जड़े। कैरेबियाई तूफान ने लेग स्पिनर अमित मिश्रा के ओवर में दो छक्के भी जड़े। गेल के तूफान को लैमिछाने ने थामा। गेल लांग ऑन पर कॉलिन इंग्राम के शानदार प्रयास के जरिये कैच आउट हुए। नेपाल के लेग स्पिनर संदीप लैमिछाने की गेंद पर 13वें ओवर में गेल ने जबरदस्त शॉट लगाया और इंग्राम ने बॉउंड्री पर गेंद को लपक लिया लेकिन खुद को बॉउंड्री से बाहर जाते देख उन्होंने गेंद को अंदर उछाल दिया जिसे अक्षर पटेल ने आसानी से लपक लिया।
 
गेल चौथे बल्लेबाज के रूप में 106 के स्कोर पर आउट हुए। लैमिछाने ने इसी ओवर की आखिरी गेंद पर सैम करेन को अपनी ही गेंद पर लपक लिया। लैमिछाने ने इससे पहले दूसरे ओवर में लोकेश राहुल को स्टंप कराया था। बीसीसीआई के लोकपाल से 20 लाख रुपये का जुर्माना पाने वाले राहुल ने नौ गेंदों पर 12 रन में एक चौका और एक छक्का लगाया। मयंक अग्रवाल को कैगिसो रबादा ने आउट किया। मयंक ने दो रन बनाये। लैमिछाने ने चार ओवर में 40 रन पर तीन विकेट लिए। डेविड मिलर लेफ्ट आर्म स्पिनर अक्षर पटेल का शिकार बने। मिलर ने पांच गेंदों में सात रन बनाये। मनदीप सिंह को अक्षर की गेंद पर विकेटकीपर ऋषभ पंत ने स्टंप किया।
 
मनदीप ने 27 गेंदों पर 30 रन में एक चौका और एक छक्का लगाया। अक्षर ने तीन ओवर में 22 रन पर दो विकेट लिए। दिल्ली के गेंदबाजों ने आज अनुशासन के साथ गेंदबाजी और 18 ओवर तक कोई अतिरिक्त रन नहीं दिया लेकिन 19वें ओवर में इशांत ने लगातार दो वाइड डाली और अगली गेंद पर हरप्रीत बरार ने चौका मार दिया। इस ओवर में पंजाब के 150 रन पूरे हो गए। इशांत को चार ओवर में 29 रन पर कोई विकेट नहीं मिला। रबादा ने आखिरी ओवर की पहली गेंद पर पंजाब के कप्तान रविचंद्रन अश्विन का शिकार कर लिया। अश्विन ने 14 गेंदों में दो चौकों की मदद से 16 रन बनाये। बरार ने आखिरी गेंद पर छक्का मारकर पंजाब को 163 पर पहुंचा दिया। बरार 12 गेंदों पर 20 रन बनाकर नाबाद रहे। रबादा ने 23 रन पर दो विकेट लिए।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »