28 Mar 2024, 21:58:26 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

Ind vs Wi 2nd ODI: क्रिकेट के भगवान सचिन को आज पीछे छोड़ देंगे विराट

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Oct 24 2018 10:31AM | Updated Date: Oct 24 2018 10:35AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

 विशाखापट्टनम। टीम इंडिया के कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली यदि विंडीज के खिलाफ आज दूसरे वनडे में 81 रन बना लेते हैं तो वह विश्व रिकॉर्डधारी हमवतन बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़कर सबसे तेज 10 हजारी बन जाएंगे। विराट ने गुवाहाटी में पहले वनडे में जिस तेज गति से 140 रन बनाए थे उसे देखते हुए उनके लिए इस मील के पत्थर तक पहुंचना मुश्किल नहीं लगता। 

 
सचिन का रिकॉर्ड टूटना तय 
सचिन ने अपनी 259 वीं पारी में यह कीर्तिमान बनाया था, जबकि विराट ने अब तक 204 पारियां ही खेली हैं। यानी विराट के हाथों से सचिन का यह रिकॉर्ड तो टूटना तय है। भारतीय कप्तान अब तक 212 वनडे में 58.69 के औसत से 9919 रन बना चुके हैं जिनमें 36 शतक और 48 अर्धशतक शामिल हैं। विराट इस समय एकदिवसीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में 13वें स्थान पर हैं। उनसे फिलहाल ठीक आगे पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हैं, जिनके 328 मैचों में 10123 रन हैं। वनडे में 10 हजार रन बनाने वाले अन्य भारतीय बल्लेबाजों में राहुल द्रविड़ (10889), सौरभ गांगुली (11363) और विश्व रिकॉर्डधारी सचिन तेंदुलकर (18426) हैं।
 
विशाखापट्टनम में धोनी-विराट की धाक, खूब बरसाए रन
- टीम इंडिया ने 5 अप्रैल, 2005 को पाकिस्तान के खिलाफ 50 ओवरों में 9 विकेट पर 359 रन बनाए थे। धोनी ने 123 गेंदों में 148 रनों धमाकेदार पारी खेली थी। जवाब में पाक टीम 44.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 298 रन ही बना सकी थी। भारत ने यह मैच 58 रन से जीता था।
- सबसे अधिक चौके की बात करें तो वह विराट के नाम हैं, जबकि धोनी ने इस मैदान पर सबसे अधिक छक्के लगाए हैं। विराट के नाम 36 चौके हैं, वहीं धोनी ने 9 छक्के लगाए हैं। यहां भारतीय कप्तान विराट कोहली और पूर्व कप्तान एमएस धोनी का बल्ला यहां खूब रन उगलता है। 
- विराट के नाम 4 मैचों की 4 पारियों में दो शतक और दो अर्धशतक समेत 99.75 की औसत से 399 रन दर्ज हैं। उनका बेस्ट स्कोर 118 रन हैं। दूसरी ओर महेंद्र सिंह धोनी ने 6 मैचों की 4 पारियों में 240 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 80 का रहा है, जबकि उनके नाम 1 शतक और 1 अर्धशतक है।
- इस मैदान पर भारतीय टीम ने कुल 8 वनडे खेले हैं। इस दौरान उसे सिर्फ 1 मैच में हार का सामना करना पड़ा है, जबकि 6 में मेजबान टीम ने जीत दर्ज की है। एक मैच बारिश की वजह से नहीं हो सका। जिस मैच में भारत को हार मिली वह वेस्ट इंडीज के खिलाफ था।
 
इंदौर के होलकर में बेस्ट स्कोर 
रिकॉर्ड पर नजर डाली जाए तो भारतीय टीम का वनडे में सर्वश्रेष्ठ स्कोर (418/5) विंडीज के खिलाफ ही है, जो उसने 8 दिसंबर, 2011 को इंदौर के होलकर स्टेडियम में बनाया था। इसी मैच में वीरेंदर सहवाग ने 149 गेंदों में 219 रनों की पारी खेलते हुए सचिन तेंडुलकर के (नाबाद 200 रन) वर्ल्ड रेकॉर्ड को तोड़ा था। 
 
इंग्लैंड के नाम है वर्ल्ड रिकॉर्ड
वनडे पारियों में सबसे बड़े टीम स्कोर की बात करें तो यह इंग्लैंड के नाम है। उसने 19 जून, 2018 को आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ नॉटिंगम में 8 विकेट पर 481 रन बनाए थे। हालांकि, इससे पहले भी यह वर्ल्ड रिकॉर्ड उसी के नाम था। 30 अगस्त, 2016 को उसने पाकिस्तान के खिलाफ नॉटिंगम में ही 3 विकेट पर 444 रन बनाए थे। 
 
आज जीते तो 950 वनडे होंगे भारत के नाम
कप्तान विराट कोहली भारत के 950वें वनडे मैच को शानदार जीत के साथ यादगार बनाना चाहेंगे। बुधवार का मैच जीते ही एकदिवसीय रैंकिंग में विश्व की दूसरे नंबर की टीम भारत 950 वनडे खेलने वाली पहली टीम बन जाएगी। एकदिवसीय क्रिकेट में अब तक किसी भी देश ने 950 वनडे नहीं खेले हैं। भारत यह उपलब्धि हासिल करने वाला पहला देश बनेगा। भारत ने अपने 949 वनडे में 490 जीते हैं, 411 हारे हैं, 8 टाई रहे हैं और 40 में कोई परिणाम नहीं निकला है। भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 122 वनडे में 57 जीते हैं, 61 हारे हैं, एक टाई रहा है और तीन में कोई परिणाम नहीं निकला है। 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »