मुंबई। आईपीएल 2020 की नीलामी से पहले खिलाड़ियों को रिलीज और रिटेन करने के आखिरी दिन मुंबई इंडियंस ने सिद्धेश लाड का कोलकाता नाइटराइडर्स से सौदा कर लिया। आईपीएल के अगले सीजन में यह युवा बल्लेबाज केकेआर की जर्सी में नजर आएगा। लाड 5 साल से मुंबई इंडियंस के दल में शामिल थे। आईपीएल 2019 में ही उन्हें इस टूर्नामेंट में पहली बार खेलने का मौका मिला था। लेकिन अगले सीजन से पहले मुंबई इंडियंस के टीम मैनेजमेंट ने लाड को शाहरुख खान के मालिकाना हक वाली कोलकाता फ्रेंचाइजी को सौंप दिया। केकेआर की टीम मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों की कमी से जूझ रही थी ऐसे में लाड का उनके साथ आना कामयाब कदम हो सकता है।
लाड 2015 से मुंबई इंडियंस की का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें 2019 में उन्हें पहला आईपीएल मैच खेलने का मौका मिला था। उन्हें प्लेइंग इलेवन में कप्तान रोहित शर्मा की जगह मौका मिला था, जो चोटिल होने के कारण किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ हुए मुकाबला नहीं खेल पाए थे। डेब्यू मैच की पहली ही गेंद पर लाड ने छक्का जडा था, लेकिन इसके बाद वो 13 गेंद में 15 रन की पारी ही खेल पाए। बता दें कि हाल ही में मुंबई इंडियंस ने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट को ट्रेड के जरिए अपने साथ जोड़ा है। बोल्ट पिछले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की टीम का हिस्सा थे।