नई दिल्ली। भारत को ओडिशा में वर्ष 2018 के सफल विश्वकप आयोजन के बाद वर्ष 2023 में होने वाले पुरूष हॉकी विश्वकप के लिये भी मेजबानी का जिम्मा सौंपा गया है। भारत में वर्ष 1971 के बाद से यह चौथा मौका है जब हॉकी विश्वकप की मेजबानी की जाएगी। भारत सहित तीन देशों ने 2022-23 हॉकी विश्वकप मेजÞबानी के लिये अपनी दावेदारी पेश की थी। एफआईएच कार्यकारी बोर्ड ने शुक्रवार को स्विटजरलैंड के लुसाने में भारत को 2023 विश्वकप मेजबानी सौंपने की घोषणा की।
एफआईएच टास्क फोर्स ने सभी दावेदारों की गहन समीक्षा करने के बाद कार्यकारी बोर्ड को अपनी सिफारिशें सौंपी थी। इसके बाद वैश्विक संस्था ने 13 से 29 जनवरी 2023 को होने वाले विश्वकप की मेजबानी के लिये भारत को विजेता घोषित कर दिया। वर्ष 2023 में अपनी आजादी के 75 बरस पूरे करने जा रहे भारत में हॉकी विश्वकप की मेजबानी और भी खासी होगी। भारत के लिये यह घरेलू मैदान पर विश्व चैंपियन बनने का भी सुनहरा मौका होगा जो खिताब उसने आखिरी बार 1975 में जीता था।