रांची। झारखंड की राजधानी रांची समेत पूरे प्रदेश में पांच दिन से लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रांची के रातू रोड में एक ऑटोरिक्शा पर पेड़ गिर जाने से चार लोगों की मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया। घायल को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारी बारिश के मद्देनजर मुख्य सचिव राजबाला वर्मा ने सभी जिलों के उपायुक्तों को उनके जिले में सभी सरकारी और निजी स्कूलों को दो दिन तक बंद रखने का निर्देश दिया है। धनबाद और रांची समेत कई जिलों के उपायुक्त ने स्कूलों को दो दिन बंद रखने के निर्देश जारी कर दिए है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राज्य की लगभग सभी जिलों की नदियां उफान पर है। ग्रामीण इलाकों में पानी से सभी छोटे-बड़े नाले भर गए है। सैकड़ों गांव टापू में तब्दील हो चुके है और जिला मुख्यालयों से इनका संपर्क कट गया है। शहरों में जल-जमाव से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। वहीं मौसम विभाग ने राज्य में आज और कल सात से 20 सेंटीमीटर तक बारिश होने की चेतावनी दी है।