19 Apr 2024, 05:03:15 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State » Others

गम के समंदर में डूबा तमिलनाडु, MGR की समाधि के पास दफनाई गई जया

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Dec 6 2016 12:56AM | Updated Date: Dec 6 2016 11:11PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

चेन्नई। तमिलनाडु की मुख्यमंत्री और अन्नाद्रमुक सुप्रीमों जयललिता का मंगलावर शाम मरीना बीच पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया।     

MG की समाधि के पास दफनाया गया

जयललिता के मार्गदर्शक रहे एम जी रामचंद्रन की समाधि के पास उन्हें दफनाया गया। अंतिम संस्कार का विधान उनकी करीबी सहयोगी रही शशिकला नटराजन ने पूरा किया। मरीना बीच पर इस दौरान जन सैलाब उमड़ पड़ा। लाखों की संख्या में शोकाकुल लोगों ने जाति,संप्रदाय और धर्म से ऊपर उठकर उन्हें अश्रुपूर्ण अंतिम विदाई दी। उन्हें तोपों की सलामी दी गई।

इस मौके पर तमिलनाडु के राज्यपाल सी विद्यासागर राव, नव नियुक्त मुख्यमंत्री पन्नीरसेल्वम, केन्द्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और बड़ी संख्या में अन्नाद्रमुक के सांसद,विधायक तथा अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।   

इससे पहले अम्मा के पार्थिव शरीर को तिरंगे से लिपटे ताबूत में राजाजी हॉल से मरीना बीच लाया गया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सड़क के दोनों ओर हजारों की संख्या में लोग 'अम्मा' को अंतिम विदाई देने के लिए खड़े थे।

राष्ट्रपति, पीएम ने दी श्रद्धांजलि

इससे पहले राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजाजी हॉल में सुश्री जयललिता के अंतिम दर्शन किए और पुष्पचक्र चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।         

1 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित 

केन्द्र सरकार ने जयललिता के निधन पर एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की और सभी जगह सरकारी इमारतों पर राष्ट्र ध्वज आधा झुका रहा। तमिलनाडु में सात दिन के शोक की घोषणा की गई है।

22 सितंबर से अस्पताल में भर्ती थी अम्मा

लोगों के बीच 'अम्मा' के नाम से मशहूर जयललिता का सोमवार देर रात अपोलो अस्पताल में निधन हो गया था। बुखार और शरीर में पानी की कमी के कारण 22 सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 

फिल्म जगत ने दी श्रद्धांजलि 

पर्दे से राजनीति में आई जया के निधन पर फिल्म जगत ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी है। उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों में सुपर स्टार अमिताभ बच्चन और धर्मेन्द्र के अलावा तमिल फिल्मों के सुपरस्टार रजनीकांत, ममूटी एवं कई अन्य कलाकार शामिल हैं।

 

 

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »