28 Mar 2024, 20:21:28 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

कॉर्बेट पार्क के कालागढ़ में बाघ ने वन रक्षक को बनाया निवाला

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Oct 21 2019 6:37PM | Updated Date: Oct 21 2019 6:37PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नैनीताल। ऐतिहासिक कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के कालागढ़ वन प्रभाग के तहत बाघ ने एक वन रक्षक को मौत के घाट उतार दिया है। वन रक्षक की मौके पर ही मौत हो गयी। इस घटना के बाद सीटीआर के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। यह जानकारी कालागढ़ के प्रभागीय वनाधिकारी पुनीत तोमर ने सोमवार को दी। इस वर्ष सीटीआर में अपनी तरह की यह तीसरी घटना प्रकाश में आयी है जिसमें बाघ ने तीन सुरक्षा कर्मचारियों को मौत के घाट उतार दिया। इनमें से एक वन विभाग का कर्मचारी भी शामिल है। सबसे पहली घटना इसी साल जुलाई में प्रकाश में आयी जिसमें कालागढ़ क्षेत्र में ही बाघ ने 23 वर्षीय वन रक्षक सोहन सिंह को मौत के घाट उतार दिया था। इस घटना के एक माह बाद सीटीआर के ढिकाला जोन में दूसरी घटना घटी और यहां भी बाघ ने वन रक्षक विशन राम पर हमला कर दिया और उसे अपना निवाला बना दिया। 

डीएफओ तोमर ने बताया कि मृतक वन रक्षक नेगी का शव सोमवार को सुबह बरामद हुआ है। उन्होंने आगे बताया कि सीटीआर के कालागढ़ वन प्रभाग के दूरस्थ क्षेत्र में रविवार शाम को तीन वन कर्मचारी वन्य जीवों की सुरक्षा में व्यस्त थे। गश्त के दौरान बाघ ने वन रक्षक नेगी पर हमला कर दिया। घटना की जानकारी अन्य दो कर्मचारियों ने उच्चाधिकारियों को दी। उन्होंने आगे बताया कि रात के अंधेरे में राहत एवं बचाव कार्य नहीं चलाया जा सका। आज सुबह जब खोज अभियान चलाया गया तो कई घंटों की मशक्कत के बाद खोजी दल को मृतक वन रक्षक का शव मिला। तोमर ने यह भी बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को मृतक के परिजनों को सौंप दिया जायेगा। विभागीय औपचारिकतायें पूरी करने के बाद पीड़ित परिवार को तीन लाख रूपये मुआवजा का भुगतान कर दिया जायेगा।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »