29 Mar 2024, 11:18:22 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

गुजराती सावन के तीसरे सोमवार को भक्तों ने की विशेष पूजा

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Aug 19 2019 4:13PM | Updated Date: Aug 19 2019 4:13PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

अहमदाबाद। गुजराती सावन के तीसरे सोमवार को राज्य में सभी शिवालयों में हर-हर महादेव और ओम नम: शिवाय के नाद के बीच शिव भक्तों ने विशेष पूजा की। राज्य के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने परिवार के साथ आज सावन के तीसरे सोमवार पर गिर सोमनाथ जिले के प्रभास पाटन में समुद्र के किनारे स्थित सोमनाथ मंदिर में सोमेश्वर महादेव के दर्शन किए। हजारों पदयात्रियों ने मंगला आरती तथा सोमेश्वर महादेव का अभिषेक और विशेष पूजा की। इस अवसर पर मंदिर परिसर में पारंपरिक पालकी यात्रा निकाली गयी तथा  भगवान शिव के 12 ज्योर्तिंलिंगो में से इस प्रथम शिवंलिंग का मनोहारी शृंगार भी किया गया। एक शिव भक्त ने सोने का लगभग 51 ग्राम वजन का त्रिपुंड सोमनाथ महादेव को अर्पण किया।
 
राज्य के कच्छ, जूनागढ़, जामनगर, राजकोट, महेसाणा, पाटन, वडोदरा, सूरत समेत सभी स्थानों पर शिवालयों में आज भारी भीड़ देखी गयी तथा मंदिरों को रंग बिरंगी रोशनी से सजाया गया। पूरे सावन महीने में शिवालयों में आराधना के लिए शिव भक्तों का तांता लगा रहेगा। शिवालयों में रात को जागरण, भजन, कीर्तन के विशेष आयोजन किए गए हैं। राज्य भर में आज से ही कृष्ण जन्मोत्सव और गणेशोत्सव की तैयारियां शुरू हो गयी हैं। अहमदाबाद में सभी शिवालयों में भक्तों ने जलाभिषेक और पूजन किया। मोटेर में कोटेश्वर महादेव, सारंगपुर में कर्ण मुक्तेश्वर महादेव, रायपुर में चकलेश्वर महादेव, रखियाल में चकुडिया महादेव, गोगा महाराज, वाडज में अघोरी बाबा मंदिर, नाराणपुरा के कामेश्वर महादेव मंदिर तथा घाटलोडिया के नीलकंठ मंदिर और अन्य मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। 
 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »