श्रीगंगानगर। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में खुली जेल से एक कैदी फरार हो गया। हनुमानगढ़ टाउन पुलिस के अनुसार टाउन थाना क्षेत्र में फतेहगढ़ मोड़ पर कृषि अनुसंधान परिसर में संचालित खुली जेल में उम्र कैद की सजा भुगत रहा कैदी गुरबचन सिंह सोमवार शाम की हाजिरी के समय उपस्थित नहीं हुआ। खुली जेल के मुख्य प्रहरी सत्यपाल सिंह ने देर रात को थाने में रिपोर्ट देते हुए बताया कि कैदी गुरबचनसिंह निवासी नई मंडी घड़साना जिला श्रीगंगानगर सोमवार दोपहर तक संपर्क में था।
उसके बाद गुरबचन सिंह का मोबाइल फोन बंद हो गया। शाम की हाजिरी के समय वह उपस्थित नहीं हुआ। पुलिस ने बताया कि गुरबचनसिंह के खिलाफ जेल से फरार हो जाने का मामला दर्ज किया गया है। इस खुली जेल में गुरबचसिंह के गायब हो जाने के बाद अब तेरह कैदी हैं। गुरबचन सिंह को हत्या के मामले में उम्र कैद की सजा हुई थी। उसने लगभग ग्यारह वर्ष की सजा नियमित जेल में काटी। नियमित जेल में आचरण अच्छा होने के कारण लगभग दो वर्ष पहले उसे खुली जेल में बाकी सजा काटने के लिए भेजा गया था।