24 Apr 2024, 02:00:08 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

मोदी ने गुफा में किया ध्यान तो CM अशोक गहलोत ने कहीं ये बात

By Dabangdunia News Service | Publish Date: May 19 2019 2:15PM | Updated Date: May 19 2019 2:18PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

जोधपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केदारनाथ में ध्यान लगाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मजाक उड़ाया। उन्होंने आश्चर्य जाहिर किया कि मोदी अब क्या संदेश देना चाहते हैं। मोदी उत्तराखंड में हिमालय स्थित तीर्थस्थल में पूजा करने के बाद पास की एक गुफा में ध्यान लगाने गए। टेलीविजन चैनलों ने उनकी तस्वीरें प्रसारित कीं जिनमें वह एक भगवा चादर लपेटे ध्यान की मुद्रा में बैठे नजर आते हैं। गहलोत ने प्रधानमंत्री पर ध्रुवीकरण का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आज वह भगवा धारण कर एक गुफा में बैठे हुए हैं। भगवान ही जानें, वह क्या संदेश देना चाहते हैं। हर कोई उन्हें देख रहा है।
 
गहलोत ने बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, अर्थव्यवस्था और विदेश नीति पर चुप रहने तथा इनकी जगह धर्म और राष्ट्रवाद जैसे मुद्दे उठाने को लेकर मोदी की आलोचना की। मोदी और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह द्वारा शुक्रवार को किए गए संवाददाता सम्मेलन पर टिप्पणी करते हुए गहलोत ने यहां कहा कि उन्होंने पिछले पांच साल में मीडिया को संबोधित नहीं किया लेकिन अब संवाददाताओं के सामने आ रहे हैं।
 
गहलोत ने कहा कि संवाददाता सम्मेलन के दौरान उनके चेहरे और शारीरिक हाव-भाव को देखिये। देश ने यह देख लिया कि वे क्या संदेश देना चाहते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उन्हें बहस करने की चुनौती दी, पर वे पीछे हट गए। वे लोग क्यों मुद्दों पर चर्चा करने से पीछे हट जाते हैं? उन्होंने पिछले पांच साल में क्या किया? उनका दृष्टिकोण क्या है? उन्होंने सिर्फ अपने चुनाव प्रचार और रणनीति के बारे में बातचीत की। उन्होंने कहा कि मोदी और शाह दोनों लोगों के लिये सिर्फ मजाक बनकर रह गए हैं क्योंकि हर कोई उनके संवाददाता सम्मेलन का उद्देश्य खोज रहा है। उन्होंने दावा किया कि दोनों हारे हुए योद्धा लग रहे थे और मोदी निश्चित तौर पर चुनाव में पराजित होंगे।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »