भोपाल। राष्ट्रमंडल और युवा ओलम्पिक खेलों की स्वर्ण विजेता मनु भाकर तथा हरियाणा के उनके टीम साथी अनीश भनवाला ने यहां चल रही 63वीं राष्ट्रीय मिशानेबाजी प्रतियोगिता (राइफल/पिस्टल) में मंगलवार को महिला 10 मीटर एयर पिस्टल और पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीत लिए। मनु ने अपनी खिताबी जीत के सफर में क्वालिफिकेशन राष्ट्रीय रिकॉर्ड की भी बराबरी की। उन्होंने महिला और जूनियर महिला वर्गों में व्यक्तिगत और टीम स्वर्ण जीते।
अनीश ने भी पुरुष और जूनियर पुरुष वर्गों में व्यक्तिगत और टीम स्वर्ण जीते। टोक्यो ओलम्पिक का कोटा हासिल कर चुकी मनु ने क्वालिफिकेशन में 588 का स्कोर किया और दक्षिण एशियाई खेलों में बनाये गए अनु राज सिंह के रिकॉर्ड की बराबरी की। उन्होंने आठ खिलाड़ियों के फाइनल में 243 का स्कोर कर स्वर्ण जीता।
देवांशी धर्म ने 237.8 के स्कोर के साथ रजत और ओलम्पिक कोटा हासिल कर चुकी यशस्विनी सिंह देशवाल ने 217.7 का स्कोर कर कांस्य जीता। अनीश ने रैपिड फायर फाइनल में 28 का स्कोर कर स्वर्ण जीता जबकि राजस्थान के भावेश शेखावत ने 26 के स्कोर के साथ रजत और चंडीगढ़ के विजयवीर सिद्धू ने 22 के स्कोर के साथ कांस्य जीता। अनीश क्वालिफिकेशन में 582 के स्कोर के साथ शीर्ष पर रहे थे।