भोपाल। अबूधावी में 14 से 19 अक्टूबर तक खेली गई अबूधाबी ओपन रिगाटा में म.प्र. वाटर स्पोर्ट्स अकादमी की खिलाड़ी रितिका दांगी ने लैजर 4.7 इवेन्ट में देश को स्वर्ण पदक दिलाया। जबकि बालक वर्ग में अकादमी के ही खिलाड़ी राम मिलन यादव ने कांस्य पदक देश को दिलाया। अकादमी के पदक विजेता खिलाड़ियों को खेल और युवा कल्याण मंत्री जीतू पटवारी ने बधाई दी है। उन्होंने दोनों युवा खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा है कि हमारे खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में पदक जीतकर देश और प्रदेश को गौरवान्वित कर रहे हैं।
पदक विजेता खिलाड़ी रितिका दांगी और राम मिलन यादव ने आज टी.टी. नगर स्टेडियम में संचालक खेल और युवा कल्याण डॉ. एस.एल. थाउसेन से भेंट की। डॉ. थाउसेन ने दोनों खिलाड़ियों को शाबाशी और बधाई देकर उनका उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कड़े परिश्रम से सफलता सुनिश्चित है। उन्होंने खिलाड़ियों को सतत रूप से अभ्यास करने के लिए प्रोत्साहित किया। रितिका ने इससे पूर्व हॉंगकांग में आयोजित हॉंगकांग ओपन रिगाटा (2018) में कांस्य पदक देश को दिलाया। रितिका ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में दो स्वर्ण और चार रजत पदक अर्जित किए हैं। इसी तरह राममिलन दे भी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में एक-एक स्वर्ण और रजत तथा दो कांस्य पदक एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में तीन स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक जीते हैं।