28 Mar 2024, 17:44:43 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

सुजीत मान को मिला सर्वश्रेष्ठ कुश्ती कोच का पेफी अवार्ड

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 26 2019 12:31AM | Updated Date: Sep 26 2019 12:31AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। राष्ट्रीय कुश्ती कोच और पूर्व ओलंपियन सुजीत मान को फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के चौथे राष्ट्रीय पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ कोच के डॉ अजमेर सिंह अवार्ड से बुधवार को यहां एक समारोह में सम्मानित किया गया। फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया ने राजधानी के प्रगति मैदान में आयोजित स्पोर्ट्स इंडिया 2019 के दौरान आयोजित समारोह में सुजीत को सर्वश्रेष्ठ कोच के डॉ अजमेर सिंह अवार्ड से नवाजा। मुख्य अतिथि सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल, विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर आरके गोयल वाइस चांसलर दिल्ली यूनिवर्सिटी ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंस एंड रिसर्च और डॉ एके उप्पल कार्यकारी अध्यक्ष पेफी ने सुजीत को यह सम्मान दिया।

पुरस्कार ग्रहण करने के बाद सुजीत ने कहा, ‘‘इस पुरस्कार से मैं खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। इस पुरस्कार से मुझे देश के लिए भविष्य में और अच्छा करने की प्रेरणा मिलेगी।’’ सुजीत 2004 के एथेंस ओलंपिक में हिस्सा ले चुके हैं। उन्हें 2002-03 में भारत सरकार से अर्जुन अवार्ड, 2004-05 में रेल मंत्रालय से रेल मंत्री अवार्ड और 2003-04 में हरियाणा सरकार से भीम अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2007-08 में एनआईएस पटियाला से कुश्ती कोचिंग का डिप्लोमा करने वाले सुजीत 2011 से लेकर अब तक सीनियर भारतीय फ्री स्टाइल कुश्ती टीम के कोच बने हुये हैं। सुजीत वर्ष 2018 में गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों और जकार्ता एशियाई खेलों के दौरान भारतीय कुश्ती टीम के कोच थे। पहलवान बजरंग पुनिया ने इन दोनों ही खेलों में स्वर्ण पदक हासिल किये। वह पिछले साल बुडापेस्ट में हुयी विश्व चैंपियनशिप में भारतीय कोच थे जिसमें बजरंग ने रजत पदक हासिल किया था। उनके मार्गदर्शन में राहुल अवारे और सुमित ने गोल्ड कोस्ट में स्वर्ण पदक, मौसम खत्री ने रजत पदक और सोमवीर ने कांस्य पदक जीता था।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »