नई दिल्ली। वैश्विक स्तर दोनों कीमती धातुओं में सप्ताहांत पर रही बड़ी तेजी के कारण आज दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 250 रुपए चढ़कर 31,550 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुँच गया। चाँदी 1,100 रुपए की छलाँग लगाती हुई करीब आठ सप्ताह के उच्चतम स्तर 39,100 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुँच गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में शुक्रवार को शुरुआती गिरावट के बाद सोने-चाँदी में बड़ी तेजी रही। लंदन और न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार सप्ताहांत पर सोना 8.85 डॉलर यानी 0.75 प्रतिशत चमककर 1,192.45 डॉलर प्रति औंस पर पहुँच गया। दिसंबर का अमेरिकी सोना वायदा 8.80 डॉलर चढ़कर 1,196.20 डॉलर प्रति औंस बोला गया। चाँदी हाजिर 0.40 डॉलर यानी 2.81 प्रतिशत की बड़ी बढ़त के साथ 14.62 डॉलर प्रति औंस पर पहुँच गई।